
बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने गणपति उत्सव की कुछ खूबसूरत झलकियां सोशल मीडिया पर साझा की हैं। तस्वीरों में अभिनेत्री भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते हुए नजर आईं, वहीं उन्होंने पारंपरिक उकड़ीचे मोदक का भी जमकर आनंद लिया।
श्रद्धा ने इंस्टाग्राम पर गणपति उत्सव की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में वह नहाने के बाद सिर पर तौलिया लपेटे हुए स्वादिष्ट उकड़ीचे मोदक से भरी कटोरी का आनंद लेती दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने भगवान गणेश के सामने हाथ जोड़कर आशीर्वाद लेते हुए अपनी तस्वीर साझा की।
एक तस्वीर में श्रद्धा अपनी मौसी और दिग्गज अभिनेत्रियों पद्मिनी कोल्हापुरे और तेजस्विनी कोल्हापुरे के साथ पोज देती नजर आईं। अन्य तस्वीरों में मोदक से भरा एक डिब्बा और श्रद्धा को पॉप्सिकल का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है।
श्रद्धा ने अपनी पोस्ट के साथ मजेदार अंदाज में लिखा, “मोदक चाहिए??? नहीं मिलेगा।”
गणेश चतुर्थी के दौरान उकड़ीचे मोदक महाराष्ट्र की खास पारंपरिक मिठाइयों में शामिल है। चावल के आटे से तैयार इसके मुलायम आवरण के अंदर नारियल और गुड़ की मीठी भरावन होती है। इसे आमतौर पर भाप में पकाया जाता है और भगवान गणेश को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है।
गणेश चतुर्थी भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाने वाला 10 दिवसीय प्रमुख हिंदू त्योहार है। इस दौरान घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं और पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर अब निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की आगामी बायोपिक ‘ईथा’ में नजर आएंगी। फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में उनके साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी दिखाई देंगे।
‘ईथा’ महान मराठी लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है, जिन्हें ‘तमाशा की सम्राज्ञी’ के रूप में जाना जाता है। फिल्म में उनके साधारण शुरुआत से लेकर एक घूमंतू पारिवारिक मंडली का नेतृत्व करने, राष्ट्रीय सम्मान हासिल करने और निजी व आर्थिक मुश्किलों के बीच संघर्ष करते हुए अपनी पहचान बनाने की कहानी को दिखाया जाएगा।
श्रद्धा कपूर को पिछली बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘स्त्री 2: सरकटे का आतंक’ में देखा गया था।