
नई दिल्ली — क्या आप रात को कॉफी पीने के आदी हैं? एक नई स्टडी के अनुसार, रात में कैफीन का सेवन महिलाओं में आवेगपूर्ण (इम्पल्सिव) व्यवहार को बढ़ा सकता है, जिससे वे बिना सोचे-समझे निर्णय लेने लगती हैं।
टेक्सास यूनिवर्सिटी ऑफ एल पासो (UTEP) के जीवविज्ञानियों द्वारा किए गए इस अध्ययन में बताया गया है कि यह प्रभाव खासतौर पर उन महिलाओं पर पड़ सकता है जो स्वास्थ्य सेवाओं, सैन्य या नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और रात को सतर्क रहने के लिए कॉफी पीती हैं।
यह अध्ययन iScience पत्रिका में प्रकाशित हुआ है और इसमें प्रयोग के लिए फल मक्खियों (Drosophila melanogaster) का उपयोग किया गया, जो इंसानों जैसी जीन और तंत्रिका प्रणाली के कारण अनुसंधान में आदर्श मानी जाती हैं।
वैज्ञानिकों ने मक्खियों को अलग-अलग मात्रा में दिन और रात में कैफीन दी और उनकी प्रतिक्रिया को तेज हवा के झोंकों जैसे अप्रिय परिस्थितियों में मापा। आमतौर पर, तेज हवा के संपर्क में आने पर मक्खियाँ रुक जाती हैं, लेकिन जिन मक्खियों को रात में कैफीन दी गई थी, उन्होंने उड़ना जारी रखा — जो उनके बढ़े हुए आवेग को दर्शाता है।
दिलचस्प बात यह है कि दिन में दी गई कैफीन का ऐसा कोई प्रभाव नहीं देखा गया।
इसके अलावा, महिला मक्खियों में पुरुषों की तुलना में अधिक इम्पल्सिव व्यवहार देखा गया, जबकि उनके शरीर में कैफीन का स्तर समान था। इससे संकेत मिलता है कि यह प्रभाव केवल हार्मोन (जैसे ईस्ट्रोजन) के कारण नहीं, बल्कि अन्य जैविक या आनुवंशिक कारणों से हो सकता है।
With inputs from IANS