योगदा सत्संग आश्रम, राँची में जन्माष्टमी का भक्तिमय उत्सवBy Admin Sat, 16 August 2025 12:39 PM

राँची - राँची स्थित योगदा सत्संग शाखा आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

उत्सव की शुरुआत प्रातः 6:30 से 8:00 बजे तक ब्रह्मचारी हरिप्रीयानन्द के मार्गदर्शन में सामूहिक ध्यान से हुई। इस दौरान उन्होंने वाईएसएस/एसआरएफ की पूज्य चौथी अध्यक्षा श्री श्री मृणालिनी माताजी का जन्माष्टमी पर लिखा एक प्रेरणादायी पत्र पढ़ा। पत्र में उन्होंने परमहंस योगानन्द का यह संदेश उद्धृत किया:
“गीता में श्रीकृष्ण का संदेश हर युग के लिए संपूर्ण उत्तर है—कर्तव्य कर्म, अनासक्ति और ईश्वर-प्राप्ति हेतु ध्यान का योग।”

इसके बाद सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक स्वामी अमरानन्द गिरि और स्वामी शंकरानन्द गिरि के नेतृत्व में हृदयस्पर्शी भजनों का आयोजन हुआ, जिससे आश्रम का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

 

सायंकाल 7:30 से 10:30 बजे तक भक्तों ने वाईएसएस/एसआरएफ के अध्यक्ष एवं आध्यात्मिक प्रमुख श्री श्री स्वामी चिदानन्द गिरि के मार्गदर्शन में तीन घंटे का विशेष ध्यान किया, जिसका सीधा प्रसारण लॉस एंजेलिस स्थित एसआरएफ मुख्यालय से हुआ। इस दौरान भारत से जुड़े संन्यासियों के कीर्तन ने साधकों के हृदय को आत्मानुभूति से भर दिया।

इसके अतिरिक्त, रविवार 10 अगस्त को एक आठ घंटे का विशेष ध्यान भी आयोजित किया गया, जिसने साधकों को ईश्वर और गुरु की स्मृति में गहराई से लीन होने का अद्भुत अवसर दिया।

ध्यान और क्रिया योग के मार्ग की जानकारी हेतु yssofindia.org पर जाएँ।