तकनीकी खराबी के कारण एयर इंडिया की मुंबई जाने वाली उड़ान सुरक्षित रूप से दिल्ली लौटीBy Admin Mon, 22 December 2025 05:01 AM

नई दिल्ली- एयर इंडिया ने सोमवार को बताया कि दिल्ली से मुंबई जा रही उसकी एक उड़ान ने टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी कारणों से वापस दिल्ली लौटने का फैसला किया।

एयरलाइन के अनुसार, विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हुई उड़ान AI887 के क्रू ने मानक संचालन प्रक्रिया के तहत टेकऑफ के तुरंत बाद एक तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली वापस लौटने का निर्णय लिया। विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की और यात्री तथा क्रू सुरक्षित रूप से बाहर आ गए। इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हुई असुविधा के लिए एयर इंडिया को खेद है।”

प्रवक्ता ने बताया कि विमान की आवश्यक तकनीकी जांच की जा रही है।

एयरलाइन ने कहा, “दिल्ली में हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान कर रही है और उन्हें जल्द ही उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। एयर इंडिया में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा एवं कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उड़ानों में व्यवधान के बीच एयर इंडिया ने पहले ही कहा था कि उसने आगामी कोहरे के मौसम के दौरान यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत कैट-III बी क्रू रोस्टरिंग, कैट-III बी प्रमाणित विमानों की तैनाती, नेटवर्क स्तर पर हवाई अड्डों की तैयारी, तकनीक आधारित यात्री सहायता और सक्रिय संचार जैसे कदम उठाए गए हैं।

कैट-III बी क्रू रोस्टरिंग और प्रमाणित विमान का मतलब है कि विशेष रूप से प्रशिक्षित और प्रमाणित पायलटों की तैनाती की जाती है तथा ऐसे विमानों का उपयोग किया जाता है जो कम दृश्यता की स्थिति में भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकते हैं।

एयर इंडिया ने यात्रियों की मदद के लिए अपनी ‘फॉग केयर’ पहल भी सक्रिय की है, जिसके तहत कोहरे या अन्य नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण होने वाली देरी या समय-सारिणी में बदलाव की स्थिति में यात्रियों को सहायता प्रदान की जाती है।

एयरलाइन के अनुसार, मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जिन उड़ानों पर कोहरे का असर पड़ने की संभावना होती है, उन्हें पहले ही चिन्हित कर लिया जाता है और यात्रियों को संभावित देरी या समय में बदलाव की जानकारी अग्रिम रूप से दी जाती है।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस सत्र के लिए 10 दिसंबर 2025 से 10 फरवरी 2026 तक की अवधि को आधिकारिक कोहरा काल घोषित किया है।

 

With inputs from IANS