
विशाखापत्तनम — आंध्र प्रदेश में सोमवार तड़के टाटानगर–एर्नाकुलम जंक्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस के दो एसी कोचों में आग लगने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 150 से अधिक यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा विशाखापत्तनम से करीब 66 किलोमीटर दूर अनकापल्ली जिले के येलमंचिली के पास हुआ। चलती ट्रेन में आग लगने की जानकारी मिलते ही एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर रोका और रेलवे कर्मचारियों को सूचित किया। इसके बाद रेलवे कर्मियों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया।
सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने आग को पास के अन्य डिब्बों और समानांतर ट्रैक पर खड़ी एक मालगाड़ी तक फैलने से रोक दिया।
आग की चपेट में आए दोनों एसी कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस घटना में यात्रियों का सारा सामान जल गया।
अनकापल्ली जिले के पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने बताया कि उन्हें रात 12:40 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों कोचों से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के समय बी-1 कोच में 82 यात्री और एम-2 कोच में 75 यात्री सवार थे। एसपी ने बताया कि बी-1 कोच से एक शव बरामद किया गया।
मृतक की पहचान विजयवाड़ा निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
आग से क्षतिग्रस्त दोनों कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिसके बाद ट्रेन एर्नाकुलम के लिए रवाना हुई, जहां दो अन्य एसी कोच जोड़े गए।
आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए दो फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी हुई हैं। दक्षिण मध्य रेलवे के सेफ्टी कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के साथ जले हुए कोचों का निरीक्षण किया।
इस हादसे के कारण इस मार्ग पर रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। विशाखापत्तनम की ओर जाने वाली गोदावरी एक्सप्रेस और तिरुपति–हावड़ा एक्सप्रेस देरी से चलीं।
येलमंचिली में ठहराव वाली ट्रेनों को फिलहाल विशाखापत्तनम में रोका जा रहा है। पुरी–तिरुपति, शालीमार–चेरलापल्ली, विशाखापत्तनम–लिंगमपल्ली और विशाखापत्तनम–गुंटूर एक्सप्रेस भी आग की घटना के कारण विलंबित रहीं।
हालांकि, जिन ट्रेनों का येलमंचिली में ठहराव नहीं है, वे अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं।
With inputs from IANS