
मुंबई: (31 जनवरी) एनसीपी की राज्यसभा सदस्य सुनेत्रा पवार शनिवार को शाम 5 बजे यहां लोक भवन में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वह अपने दिवंगत पति और पार्टी प्रमुख अजित पवार की जगह लेंगी।
लोक भवन (पूर्व में राज भवन) ने यह जानकारी दी।
बताया गया है कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत, जो इस समय मसूरी में हैं, शाम 4 बजे मुंबई पहुंचेंगे।
एनसीपी की विधायक दल की बैठक दोपहर 2 बजे शहर में होने वाली है, जिसमें सुनेत्रा पवार को नेता चुना जाएगा। इसके बाद वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी।
शनिवार तड़के बारामती से यहां पहुंचने के बाद उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बातचीत की।
देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में चार अन्य लोगों के साथ मौत हो गई थी।