
असम : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को असम में मां कामाख्या के दर्शन किये। उन्होंने सोशल मीडिया पर मां कामाख्या के पूजा अर्चना की तस्वीर भी साझा की है। सीएम हेमंत ने दर्शन के बाद कहा कि असम में मां कामाख्या के पावन धाम में आज पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, उन्नति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। असम की वीर और क्रांतिकारी भूमि के मेरे भाइयों-बहनों, बुजुर्गों और बच्चों से मुझे जो स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उससे मन अभिभूत है। यह विश्वास और प्रेम हमारी ताकत है। तीर-धनुष के संकल्प के साथ आपका अपना जेएमएम शोषित, वंचित और आदिवासी समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आपको हक-अधिकार दिलाकर रहेगा। मां कामाख्या सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें, सबका कल्याण करें। बता दें कि इनदिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधानसभा चुनाव को लेकर असम में है। सीएम हेमंत की सभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है। उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी असम में जगह जगह पर सभाएं कर रही है। झामुमो की तरफ से घोषणा कर दी गई है कि झारखंड की तरह असम में भी 2500 रुपये महिलाओं को सम्मान राशि की तरह दी जाएगी। उन्होंने चाय बागान श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनने पर चाय बागान के श्रमिकों को 500 रुपये न्यूनतम मजदूरी दी जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हर परिवार को आवास, बच्चों को बेहतर शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। कल्पना सोरेन ने लोगों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल किसी एक प्रत्याशी की जीत-हार का सवाल नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य की लड़ाई है।