Jammu-Udhampur Bus Accident : खाई में गिरी बस, 16 की मौत, रेस्क्यू जारीBy Admin Mon, 20 April 2026 01:10 PM

Jammu : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 16 लोगों की मृत्यु एवं की अन्य के फामभीर रूप से घायल होने की सूचना है। इस सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बताते चलें कि रामनगर से उधमपुर जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। यह हादसा पहाड़ी क्षेत्र खगोते के पास हुआ, जहां सड़कें संकरी और घुमावदार हैं. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर जम्मू भेजा गया है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी इलाके मे सड़कों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हादसे का विवरण 
यह हादसा उधमपुर जिले के रामनगर क्षेत्र के खगोते इलाके के पास हुआ, जब एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति में थी और एक खतरनाक मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका. हादसा इतना भीषण था कि बस कई बार पलटती हुई नीचे गिरी, जिससे उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े.
रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासनिक कार्रवाई 
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को बस से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया. जिला प्रशासन ने अस्पतालों में इमरजेंसी व्यवस्था को अलर्ट पर रखा है, ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके. उधमपुर रेंज के डीआईजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं. प्रशासन ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.