
Nalanda: बिहार के नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड स्थित एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने से 60 से ज्यादा बच्चे के बीमार होने की खबर से अफर-तफरी का माहौल कायम हो गया है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर मे हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मध्य विद्यालय कैला में बुधवार को बच्चों को दोपहर के भोजन में चावल और छोले परोसे गए थे. खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते करीब 60 से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थिति गंभीर होने पर स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ बच्चों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि एक छात्रा की हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिड-डे मील खाने के कुछ मिनट बाद ही बच्चों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत शुरू कर दी. कई बच्चे स्कूल परिसर में ही कमजोर होकर गिर पड़े. स्थिति बिगड़ते देख शिक्षकों और ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया. अस्पतालों में बच्चों के पहुंचते ही वहां भारी भीड़ जमा हो गई. परिजन अपने बच्चों की हालत देखकर परेशान नजर आए. डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है.