राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा By Mid Time Bureau Mon, 26 October 2026 11:25 AM

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों का एक्सीडेंट हो गया। हादसा सुबह करीब 11 बजे सुलतानपुर जिले के हलियापुर इलाके में माइलस्टोन 89.5 के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, काफिले के पीछे चल रही चार कारें और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। हालांकि, राहत की बात यह है कि राहुल गांधी इस हादसे में सुरक्षित हैं।

दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी सोमवार को एक मानहानि मामले में सुनवाई के लिए सुलतानपुर पहुंच रहे हैं। इससे पहले वह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते सुलतानपुर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान उनके काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई।

वहीं, राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में आज अदालत का फैसला आने की संभावना है। मामले की सुनवाई कर रहे एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। फैसले के समय राहुल गांधी के अदालत में मौजूद रहने की बात कही गई है।