
रांची: रांची नगर निगम की ओर से नागरिकों को निगम स्तर की सेवाएं सुलभ कराने और जनशिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम मुख्यालय के अलावा छह अंचल कार्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 24 अक्टूबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में अंचल कार्यालयों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में कार्यों की समीक्षा करते हुए नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने और आगामी छठ महापर्व को देखते हुए घाटों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सभी अंचलों के नगर प्रबंधकों को संबंधित वार्डों के पार्षदों के समन्वय से वार्डवार शिविर लगाने का निर्देश दिया। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को अंचल कार्यालयों में उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नागरिकों से फीडबैक लेकर उनकी जरूरतों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने अंचल कार्यालयों तक पहुंचने में नागरिकों को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए उचित दिशा-सूचक साइनबोर्ड लगाने, संबंधित वार्डों में फील्ड कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने पर जोर दिया। इसके अलावा निगम के संसाधनों और मशीनरी का अंचलवार वितरण करने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर कार्यों का शीघ्र निष्पादन हो सके।
छठ घाटों की सफाई और सुविधाओं पर विशेष जोर
छठ महापर्व को लेकर नगर आयुक्त ने सभी अंचलों की टीमों को सोमवार से अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण शुरू करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान घाटों की सफाई, बिजली व्यवस्था, स्टोन डस्ट, स्लैब और अन्य जरूरी सुविधाओं से संबंधित कमियों की पहचान कर उनका त्वरित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी जलाशय में नाले का पानी बहता हुआ पाया जाता है, तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पानी के प्रवाह को डायवर्ट किया जाए। इससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा