
देश के जाने-माने उद्योगपति, एसआइएस ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर फैल गई। पार्टी नेताओं और उनके करीबियों ने इसे एक बड़ी और अपूरणीय क्षति बताया है।
भाजपा के शुरुआती दौर से संगठन में रहे सक्रिय
डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा का जुड़ाव भाजपा से पार्टी के शुरुआती दौर से ही रहा था। वह भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। बिहार में पार्टी संगठन को मजबूत करने में भी उनकी अहम भूमिका रही। यही वजह है कि बिहार भाजपा में उनका एक अलग स्थान रहा। राजनीति के साथ-साथ उन्होंने सार्वजनिक जीवन में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई और राज्यसभा सदस्य के रूप में देश की सेवा की।
एसआइएस ग्रुप को दिलाई अंतरराष्ट्रीय पहचान
राजनीति के अलावा कारोबारी दुनिया में भी आरके सिन्हा ने अपनी अलग पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में एसआइएस ग्रुप ने निजी सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में देश के साथ-साथ विदेशों में भी अपना विस्तार किया। एक सफल उद्यमी के तौर पर उन्होंने ऐसे संस्थान का निर्माण किया, जिसने हजारों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
पटना में होंगे अंतिम दर्शन
उनके निधन की जानकारी साझा करते हुए जारी संदेश में उन्हें परिवार और करीबियों का अभिभावक और श्रद्धेय बताया गया है। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली से पटना लाया जाएगा। यहां पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।
हालांकि, उनके पार्थिव शरीर के पटना पहुंचने का समय और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। बताया गया है कि इस संबंध में विस्तृत सूचना बाद में साझा की जाएगी।