
Photo: IANS
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच में जुट गई हैं। घटना में एक फूड डिलीवरी कर्मचारी घायल हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और विस्फोट से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
हालांकि, जांच एजेंसियां अभी विस्फोट की वास्तविक प्रकृति और इसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं, लेकिन इस मामले में एक और पहलू ने सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर खुद को तहरीक-उल-मुजाहिदीन (TuM) बताने वाले एक संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस दावे के पीछे वास्तव में कोई सक्रिय आतंकी संगठन है या किसी नए प्रॉक्सी संगठन के जरिए जांच को भटकाने की कोशिश की गई है।
एक खुफिया अधिकारी के मुताबिक, यह दावा ऐसे समय में सामने आया है, जब पाकिस्तान समर्थित कई नए प्रॉक्सी संगठनों के उभरने की गतिविधियां देखी जा रही हैं। इन संगठनों के जरिए बड़े आतंकी नेटवर्क अपनी वास्तविक पहचान और गतिविधियों को छिपाने की कोशिश कर सकते हैं।
अधिकारी ने बताया कि तहरीक-उल-मुजाहिदीन कोई नया नाम नहीं है। इसी नाम से एक संगठन की स्थापना 1990 में यूनुस खान ने की थी। संगठन ने शुरुआत में जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग कराने को अपना प्रमुख उद्देश्य बताया था। शुरुआती दौर में इसने ग्रेनेड हमलों जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया। बाद में इसका झुकाव कट्टरपंथ फैलाने और हिजबुल मुजाहिदीन तथा लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों को लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने की ओर हो गया।
खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, समय के साथ इस संगठन की कार्यप्रणाली में बदलाव आया है। जम्मू-कश्मीर की राज्य जांच एजेंसी (SIA) की हालिया चार्जशीट में संगठन से जुड़े एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। बताया जाता है कि पाकिस्तान में मौजूद मुश्ताक अहमद खान उर्फ खालिद भाई इस नेटवर्क का संचालन कर रहा है।
जांच से जुड़े अधिकारियों का दावा है कि मादक पदार्थों के कारोबार के जरिए जुटाई गई रकम का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में सक्रिय दूसरे आतंकी संगठनों को आर्थिक सहायता देने के लिए भी किया जाता है। संगठन के कई अलग-अलग गुट बन चुके हैं, जिनमें से कुछ पर साइबर अपराध और छोटे स्तर पर जमीनी गतिविधियों को अंजाम देने के आरोपों की जांच की गई है।
अब सुरक्षा एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि गाजियाबाद विस्फोट की जिम्मेदारी लेने वाला TuM वास्तव में पुराने संगठन का हिस्सा है या फिर उसके नाम पर कोई नया गुट तैयार किया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि इस तरह के नए संगठन केवल सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान भटकाने का काम कर सकते हैं।
खुफिया अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद ऐसे प्रॉक्सी संगठनों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इनमें कुछ बड़े आतंकी संगठनों के सहयोगी के रूप में काम करते हैं, जबकि कुछ की गतिविधियां इंटरनेट और सोशल मीडिया तक ही सीमित रहती हैं। ऐसे संगठन धमकियां जारी करने और हमलों की जिम्मेदारी लेने जैसे दावे करके जांच एजेंसियों को भ्रमित कर सकते हैं।
अधिकारियों का आरोप है कि पाकिस्तान की ओर से ऐसे संगठनों को बढ़ावा देने का उद्देश्य जांच की दिशा को उलझाना और वास्तविक आतंकी नेटवर्क को पर्दे के पीछे काम करने का मौका देना है। कई बार इन संगठनों की जमीनी मौजूदगी बेहद सीमित या संदिग्ध होती है, लेकिन इनके सोशल मीडिया दावे सुरक्षा एजेंसियों का काफी समय और संसाधन खर्च करा सकते हैं।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF), पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट (PAAF), जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स (JKGF), यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट (ULF) और कश्मीर टाइगर्स (KT) जैसे संगठनों को भी पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से अलग-अलग संगठन लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के प्रॉक्सी के रूप में काम करते हैं।
इन गुटों का एक प्रमुख तरीका सोशल मीडिया पर दावे, धमकियां और भ्रामक सूचनाएं फैलाना बताया जाता है। इससे जांच एजेंसियों का ध्यान छोटे और नए संगठनों की ओर चला जाता है, जबकि बड़े आतंकी नेटवर्क अपनी गतिविधियों को गुप्त रखने की कोशिश करते हैं।
इसी तरह का एक अन्य मामला तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) नाम के संगठन से जुड़ा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़ा था। इसके जरिए इसे पाकिस्तान के प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की भारतीय शाखा के रूप में पेश करने की कोशिश की गई। अधिकारी का दावा है कि पाकिस्तान अपने यहां टीटीपी से मिल रही चुनौतियों के बीच भारत से उसका कथित संबंध दिखाने के लिए ऐसे संगठनों के नाम का इस्तेमाल करना चाहता है।
सुरक्षा एजेंसियों के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक तरफ उन्हें वास्तविक आतंकी नेटवर्क और उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई करनी है, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर सक्रिय फर्जी या संदिग्ध प्रॉक्सी संगठनों के दावों की भी जांच करनी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे दावों की समय रहते पड़ताल करना और उनकी वास्तविकता सामने लाना जरूरी है, ताकि जांच एजेंसियों के संसाधनों का दुरुपयोग न हो और असली आतंकी नेटवर्क को भ्रम फैलाने का मौका न मिले।
गाजियाबाद विस्फोट की जांच में भी फिलहाल यही पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि TuM के नाम से जिम्मेदारी लेने वाला संगठन कितना वास्तविक है और उसका किसी सक्रिय आतंकी नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही इस दावे की सच्चाई सामने आ सकेगी।