अग्निवीरों को चार साल बाद दो साल और सेवा का मिलेगा विकल्प, नियमित सैनिक बनने का भी एक और मौकाBy IANS Wed, 04 November 2026 04:05 PM

Photo: IANS

New Delhi: केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल के दूसरे सेवा कार्यकाल का विकल्प देने का फैसला किया है। इस अवधि के बाद उन्हें सशस्त्र बलों में नियमित सैनिक के रूप में शामिल होने का एक और अवसर मिल सकेगा।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार साल की सेवा पूरी करने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों को पहले की तरह नियमित सैनिक के रूप में शामिल किया जाएगा। वहीं, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल के अतिरिक्त सेवा कार्यकाल का प्रस्ताव दिया जाएगा।

सीडीएस के अनुसार, दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बाद सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए दो शर्तें होंगी। पहली, संबंधित अग्निवीर की नियमित सेवा में शामिल होने की इच्छा होनी चाहिए और दूसरी, उसे निर्धारित चयन मानदंडों पर खरा उतरना होगा।

इस बदलाव से उन अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में अतिरिक्त समय तक सेवा करने का मौका मिलेगा, जिन्हें शुरुआती चार साल के बाद नियमित सैनिक के रूप में चयनित नहीं किया जाता है। दूसरे कार्यकाल के दौरान उनके प्रदर्शन, उपलब्धियों और संगठन की जरूरतों के आधार पर नियमित सेवा के लिए उनकी पात्रता पर विचार किया जाएगा।

जनरल सुब्रमणि ने स्पष्ट किया कि चयन में अग्निवीरों की इच्छा के साथ-साथ सशस्त्र बलों की परिचालन और संगठनात्मक आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जाएगा। इसके लिए वस्तुनिष्ठ मानदंड अपनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सेवा के दौरान अग्निवीरों के प्रदर्शन का नियमित अंतराल पर आकलन किया जाता है।

इस मूल्यांकन में शारीरिक फिटनेस, प्रेरणा, मनोबल, अनुशासन और तकनीकी दक्षता जैसे पहलुओं को शामिल किया जाता है। दूसरे सेवा कार्यकाल का उद्देश्य अग्निवीरों को अपने कौशल और अनुभव को और बेहतर बनाने का अवसर देना है। इससे सेना को प्रशिक्षित और अनुभवी जवानों को लंबे समय तक अपने साथ बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

अतिरिक्त दो साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक वेतन और बढ़ा हुआ सेवा निधि लाभ मिलेगा। इससे उन्हें अतिरिक्त सेवा अवधि के लिए बेहतर वित्तीय लाभ प्राप्त होगा।

सीडीएस ने कहा कि शुरुआती चार वर्षों में अग्निवीर सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन और विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन का अनुभव हासिल करते हैं। दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल इस अनुभव को और मजबूत करेगा तथा सशस्त्र बलों को उनकी सेवाओं का अधिक समय तक लाभ मिल सकेगा।

गौरतलब है कि अग्निवीरों का पहला बैच इसी महीने अपनी चार साल की सेवा पूरी कर रहा है। ऐसे में सरकार का यह फैसला अग्निपथ योजना के तहत सेवा की अवधि और नियमित सैनिक बनने के अवसरों को लेकर एक अहम बदलाव माना जा रहा है।