अनंत सिंह के गांव में घुड़दौड़ के दौरान दर्दनाक हादसा, अज्ञात बुजुर्ग की गई जानBy Mid Time Bureau Thu, 26 November 2026 12:57 PM

बिहार के मोकामा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जहां विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के दौरान आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दरअसल, बुधवार यानी 25 नवंबर को विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी और ऋषिकेश की शादी संपन्न हुई। इस खास मौके पर नदमा गांव में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से कई घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ पहुंचे थे। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।

इसी भीड़ के बीच एक अज्ञात बुजुर्ग की अचानक तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने उन्हें बेहोशी की हालत में बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हैरानी की बात यह है कि बुजुर्ग का शव करीब दो घंटे तक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में व्हीलचेयर पर पड़ा रहा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उनकी मौत की वजह भी स्पष्ट नहीं हुई है।

भीड़ इतनी कि मोबाइल टावर और पेड़ों पर चढ़े लोग

घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर गांव में जबरदस्त उत्साह था। भीड़ का आलम यह था कि लोगों को मैदान में जगह नहीं मिल रही थी। ऐसे में कई लोग मोबाइल टावर और ऊंचे पेड़ों पर चढ़कर प्रतियोगिता देखने लगे। स्थिति को देखते हुए विधायक अनंत सिंह ने माइक के जरिए लोगों से टावर और पेड़ों से नीचे उतरने की अपील भी की, लेकिन इसका खास असर देखने को नहीं मिला।

विजेता को मिलेगा थार, दूसरे और तीसरे स्थान पर इनाम में बाइक और स्कूटी

भारी भीड़ के कारण प्रतियोगिता को उस दिन टालना पड़ा था। अब इसका फाइनल आज आयोजित किए जाने की संभावना है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले घुड़सवार को थार गाड़ी दी जाएगी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी इनाम में मिलेगी।

फिलहाल, इस घटना ने शादी समारोह के दौरान आयोजित भव्य प्रतियोगिता के बीच एक दुखद स्थिति पैदा कर दी है। बुजुर्ग की पहचान और उनकी मौत की वजह सामने आने का इंतजार है।