
Photo: IANS
नई दिल्ली। एशिया में भारत की रणनीतिक और कूटनीतिक ताकत लगातार मजबूत हो रही है। वर्ष 2026 में भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है। वहीं, चीन के साथ भारत की शक्ति का अंतर 2018 में एशिया पावर इंडेक्स शुरू होने के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित लोवी इंस्टीट्यूट की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का समग्र शक्ति स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस आधार पर भारत एशिया में अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर बना हुआ है। भारत और चीन के बीच अंतर अब तक के सबसे निचले स्तर पर जरूर पहुंचा है, लेकिन चीन की कुल शक्ति अभी भी भारत से लगभग 80 फीसदी अधिक है।
आर्थिक क्षमता के मामले में भारत को 26.4 अंक मिले हैं। हालांकि, भविष्य के संसाधनों से जुड़े सूचकांक में भारत ने बेहतर प्रदर्शन किया है और उसका स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया है। इसके पीछे देश की बेहतर आर्थिक संभावनाओं और विकास की क्षमता को प्रमुख कारण बताया गया है।
रिपोर्ट में भारत की सबसे मजबूत विशेषता उसका कूटनीतिक प्रभाव बताया गया है। इस श्रेणी में भारत को 70.3 अंक मिले हैं। ऐसे समय में जब एशिया के कई देशों की कूटनीतिक स्थिति में गिरावट देखी गई, भारत ने इस क्षेत्र में कई क्षेत्रीय देशों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों की राय में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, विशेषज्ञों ने उन्हें एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना है। इस सूची में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले स्थान पर हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आर्थिक और कूटनीतिक मोर्चों पर मिले-जुले परिणामों के बावजूद एशिया में भारत का प्रभाव बढ़ा है। व्यापार और निवेश संबंधों में स्थिरता से आर्थिक रिश्तों के सूचकांक में भारत की स्थिति बेहतर हुई है।
इसके अलावा, क्षेत्रीय रक्षा सहयोग में बढ़ोतरी और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात से भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूती मिली है। इससे क्षेत्रीय सुरक्षा और रक्षा साझेदारी में भारत की भूमिका भी बढ़ी है।
सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में भी भारत ने प्रगति की है। सांस्कृतिक पहुंच, सूचना के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ने से इस क्षेत्र में देश की स्थिति मजबूत हुई है।
लोवी इंस्टीट्यूट के आकलन के अनुसार, इन उपलब्धियों के चलते भारत 2023 के बाद पहली बार अपने संसाधनों को क्षेत्रीय प्रभाव में बदलने की क्षमता के अंतर को कम करने में सफल रहा है। इसका संकेत है कि भारत अब अपनी आर्थिक, सैन्य और कूटनीतिक क्षमताओं का इस्तेमाल एशिया में प्रभाव बढ़ाने के लिए पहले से अधिक प्रभावी ढंग से कर रहा है।
रिपोर्ट में भविष्य के संसाधनों से जुड़े बेहतर संकेतकों को भी भारत के लिए सकारात्मक बताया गया है। इन निष्कर्षों के मुताबिक, एशिया के बदलते रणनीतिक परिदृश्य में भारत की भूमिका आने वाले वर्षों में और मजबूत होने की संभावना है।