




रांची। झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के छठे दिन जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में खेले गए दोनों मुकाबलों में रांची टाइटंस और छोटानागपुर रॉयल्स ने शानदार जीत दर्ज की। रांची टाइटंस ने संथाल स्ट्राइकर्स को सात विकेट से हराया, जबकि छोटानागपुर रॉयल्स ने अंतिम ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स को दो विकेट से मात दी।
दिन के पहले मैच में संथाल स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 210 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज विवेक कुमार ने मात्र 44 गेंदों पर 101 रन की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। रांची टाइटंस के लिए सौरभ शेखर और प्रिंस अनुराग मुर्मू ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कप्तान राजंदीप सिंह ने दो सफलताएं हासिल कीं।

211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रांची टाइटंस ने रणनीतिक बदलाव के तहत सत्य सेतु को रिटायर्ड आउट किया और कप्तान राजंदीप सिंह को क्रीज पर भेजा। इसके बाद राजंदीप ने संथाल के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने लीग का सबसे तेज अर्धशतक केवल 14 गेंदों में पूरा किया और 26 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए। दूसरी ओर श्रेष्ठा ने 47 रन की नाबाद पारी खेलकर उनका अच्छा साथ दिया। टाइटंस ने तीन गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए राजंदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 178 रन बनाए। कुमार देवब्रत ने 16 गेंदों पर 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि साहिल राज ने 36 रन का योगदान दिया। अंत में एमडी कौनैन कुरैशी ने 18 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से राहुल रजक ने तीन विकेट लिए, जबकि सुप्रियो चक्रवर्ती ने दो सफलताएं हासिल कीं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए छोटानागपुर रॉयल्स की शुरुआत विराट सिंह के 33 रन से मजबूत हुई। अविनाश कुमार (26) और मोहित कुमार (25) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि मैच का रुख चंदन कुमार मुखी ने बदला, जिन्होंने केवल 11 गेंदों पर 33 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत की राह पर ला खड़ा किया। जमशेदपुर के लिए अनुराग सिंह सेंगर, एमडी कौनैन कुरैशी और अमन कुमार सिंह ने दो-दो विकेट झटके, लेकिन रॉयल्स ने आखिरी गेंद से पहले लक्ष्य हासिल कर दो विकेट से जीत दर्ज कर ली। चंदन कुमार मुखी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।


इस जीत के साथ रांची टाइटंस और छोटानागपुर रॉयल्स ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी-तीसरी जीत दर्ज की। चार मैचों में तीन जीत के साथ कोयलांचल सुपर किंग्स अंक तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि रांची टाइटंस दूसरे और छोटानागपुर रॉयल्स तीसरे स्थान पर काबिज हैं।
मंगलवार को भी टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही कोयलांचल सुपर किंग्स का सामना संथाल स्ट्राइकर्स से होगा। वहीं शाम के मुकाबले में रांची टाइटंस और धनबाद डायमंड्स आमने-सामने होंगे।
With inputs from IANS
