





कैलिफोर्निया: फीफा विश्व कप 2026 ने फुटबॉल इतिहास में नया अध्याय जोड़ते हुए सबसे अधिक गोल और सबसे ज्यादा दर्शकों वाला विश्व कप बनने का गौरव हासिल कर लिया है। शुक्रवार को अमेरिका और तुर्किये के बीच खेले गए ग्रुप डी मुकाबले के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई।
मैच में अमेरिका के डिफेंडर ऑस्टन ट्रस्टी ने शुरुआती गोल कर टूर्नामेंट का 173वां गोल दागा, जिससे कतर 2022 विश्व कप में बने 172 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया। खास बात यह रही कि यह रिकॉर्ड सिर्फ 59 मैचों में ही टूट गया, जबकि कतर विश्व कप में 172 गोल पूरे 64 मैचों में बने थे। बाद में तुर्किये ने शानदार वापसी करते हुए अमेरिका को 3-2 से हराया और टूर्नामेंट में गोलों की कुल संख्या बढ़कर 177 हो गई।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इस उपलब्धि को टूर्नामेंट की आक्रामक और रोमांचक फुटबॉल का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि कतर 2022 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ना इस विश्व कप की गुणवत्ता और रोमांच को दर्शाता है। इन्फेंटिनो ने यह भी कहा कि अभी नॉकआउट चरण के पांच मुकाबले बाकी हैं और आगे भी कई नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।


इस बार विश्व कप में 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसके चलते मैचों की संख्या 64 से बढ़ाकर 104 कर दी गई है। इससे गोलों और रोमांचक मुकाबलों की संभावनाएं भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई हैं।
दर्शकों के मामले में भी फीफा विश्व कप 2026 ने नया इतिहास रच दिया है। अब तक 36,05,357 से अधिक प्रशंसक स्टेडियमों में मैच देखने पहुंच चुके हैं, जो विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक है। इससे पहले 1994 विश्व कप के ग्रुप चरण तक 35 लाख दर्शकों का रिकॉर्ड बना था।


इन्फेंटिनो ने कहा कि यह रिकॉर्ड दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों के खेल के प्रति जुनून और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने 16 मेजबान शहरों में उमड़े दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक हिस्सा अभी बाकी है और आने वाले दिनों में और भी नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।
टूर्नामेंट ने शुरुआत से ही रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला शुरू कर दिया था। 17 जून (भारतीय समयानुसार) को एक ही दिन खेले गए चार ग्रुप मुकाबलों—फ्रांस बनाम सेनेगल, इराक बनाम नॉर्वे, अर्जेंटीना बनाम अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया बनाम जॉर्डन—में कुल 2,81,223 दर्शक स्टेडियम पहुंचे। इसके साथ ही 1994 विश्व कप के एक दिन में 2,77,070 दर्शकों के पुराने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया।
With inputs from IANS
