





यात्सुशिरो (जापान): बैडमिंटन एशिया जूनियर मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप 2026 में भारत ने शानदार शुरुआत करते हुए ग्रुप-सी के अपने पहले मुकाबले में कजाखस्तान को 2-0 (55-31, 55-21) से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। लड़कियों के युगल मुकाबले में दुर्गा ईशा कंद्रापु और कीर्ति मंचाला की जोड़ी ने अलीसा कुलेशोवा और डायना नामेनोवा को 11-5 से हराकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।


इसके बाद पुणीत सुरेश और दीप्ति राज अदिति की मिश्रित युगल जोड़ी को मुस्तफा मलिकझान और अलीसा कुलेशोवा से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने 11-10 से जीत दर्ज कर स्कोर 22-15 कर दिया। इसके बाद भारत ने अगले तीन मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। किसी भी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम को छह से अधिक अंक नहीं बनाने दिए और आसानी से 55-21 के अंतर से मुकाबला जीत लिया।


भारत को मिक्स्ड टीम स्पर्धा के ग्रुप-सी में चीनी ताइपे, कजाखस्तान और फिलीपींस के साथ रखा गया है। अब ग्रुप विजेता का फैसला भारत और चीनी ताइपे के बीच होने वाले मुकाबले से होगा।
रिले प्रारूप में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में जो टीम सबसे पहले 110 अंक हासिल करेगी, वही मुकाबला जीतेगी। पिछले संस्करण में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम इस बार स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।
भारत की 19 सदस्यीय टीम की अगुवाई तन्वी पात्री और अभिनव गर्ग कर रहे हैं। यह चैंपियनशिप 26 जून से 5 जुलाई तक जापान के यात्सुशिरो में आयोजित की जा रही है।
With inputs from IANS
