दक्षिण कोरिया का पहला व्यावसायिक कक्षीय रॉकेट ‘हानबिट-नैनो’ प्रक्षेपण के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्तBy Admin Tue, 23 December 2025 06:21 AM

सियोल। दक्षिण कोरिया का पहला व्यावसायिक कक्षीय रॉकेट ‘हानबिट-नैनो’ प्रक्षेपण के कुछ ही क्षण बाद तकनीकी गड़बड़ी के कारण जमीन पर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रॉकेट का संचालन करने वाली कंपनी इनोस्पेस ने इस घटना की पुष्टि की है।

कंपनी के अनुसार, हानबिट-नैनो ने सोमवार रात 10:13 बजे (स्थानीय समय) ब्राजील के अल्कांतारा स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी। हालांकि, प्रक्षेपण के लगभग 30 सेकंड बाद ही रॉकेट असामान्यता के चलते नियंत्रण खो बैठा और जमीन पर आ गिरा।

इनोस्पेस ने बताया कि रॉकेट निर्धारित ग्राउंड सेफ्टी ज़ोन के भीतर ही गिरा, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या अतिरिक्त संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है।

प्रक्षेपण के दौरान यूट्यूब पर किए जा रहे लाइवस्ट्रीम में उड़ान भरते ही रॉकेट से आग की लपटें निकलती दिखाई दीं, जिसके कुछ ही देर बाद प्रसारण को रोक दिया गया।

इससे पहले, लॉन्च साइट पर प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण उसी दिन रॉकेट के प्रक्षेपण में देरी की गई थी।

हानबिट-नैनो रॉकेट में पांच उपग्रहों का पेलोड था, जिन्हें पृथ्वी की सतह से लगभग 300 किलोमीटर की निम्न कक्षा (लो अर्थ ऑर्बिट) में स्थापित किया जाना था। यदि यह मिशन सफल होता, तो इनोस्पेस किसी ग्राहक के उपग्रह को कक्षा में स्थापित करने वाली पहली निजी दक्षिण कोरियाई कंपनी बन जाती।

दो चरणों वाले इस रॉकेट में पहले चरण के लिए 25 टन थ्रस्ट वाला हाइब्रिड इंजन लगाया गया था, जबकि दूसरे चरण में तरल मीथेन और ऑक्सीजन से संचालित इंजन का उपयोग किया गया था।

उल्लेखनीय है कि इस प्रक्षेपण को कंपनी की मूल निर्धारित तिथि 22 नवंबर से अब तक तीन बार टालना पड़ा था। पिछले सप्ताह इसे दो बार स्थगित किया गया—पहली बार एवियोनिक्स इलेक्ट्रॉनिक्स में खराबी के कारण और दूसरी बार ईंधन टैंक से जुड़ी समस्या के चलते।

इससे पहले सितंबर में, दक्षिण कोरियाई स्पेस लॉन्च स्टार्टअप इनोस्पेस ने जर्मनी की सैटेलाइट संचार कंपनी मीडिया ब्रॉडकास्टिंग सैटेलाइट (एमबीएस) के साथ 58 लाख डॉलर का अनुबंध किया था। इस समझौते के तहत, इनोस्पेस 2026 से 2029 के बीच हानबिट लॉन्च वाहन का उपयोग करते हुए एमबीएस के उपग्रहों को निम्न पृथ्वी कक्षा में स्थापित करने के लिए दो प्रक्षेपण मिशन अंजाम देगा।

एक अलग समझौते में, इनोस्पेस ने एमबीएस को जर्मनी में अपनी विशेष लॉन्च सेवा और विपणन एजेंसी भी नियुक्त किया है। इस कदम का उद्देश्य यूरोपीय अंतरिक्ष बाजार में दक्षिण कोरियाई कंपनी की उपस्थिति को मजबूत करना है। इस समझौते के तहत, एमबीएस को जर्मनी में हानबिट रॉकेट पर आधारित लॉन्च सेवाओं के वितरण और विपणन का विशेष अधिकार प्राप्त होगा।

 

With inputs from IANS