10 साल से कम समय में चंद्रमा पर आत्मनिर्भर शहर बनाने का लक्ष्य: एलन मस्कBy Admin Mon, 09 February 2026 11:20 AM

नई दिल्ली। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने सोमवार को कहा कि उनका लक्ष्य अगले 10 वर्षों से कम समय में चंद्रमा पर एक आत्मनिर्भर और स्वयं विकसित होने वाला शहर बसाना है। इसके बाद लगभग 20 वर्षों में मंगल ग्रह पर मानव उपस्थिति स्थापित करने की योजना है।

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क के अनुसार, स्पेसएक्स ने फिलहाल चंद्रमा पर आत्मनिर्भर शहर बनाने पर अधिक ध्यान केंद्रित किया है। उनका कहना है कि यह लक्ष्य 10 वर्षों से कम समय में हासिल किया जा सकता है, जबकि मंगल ग्रह पर ऐसा शहर बसाने में 20 वर्ष या उससे अधिक समय लग सकता है।

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स का मुख्य उद्देश्य ब्रह्मांड में जीवन और चेतना का विस्तार करना है।

उन्होंने बताया कि मंगल ग्रह की यात्रा केवल तब संभव होती है जब पृथ्वी और मंगल हर 26 महीने में एक खास स्थिति में आते हैं, जिसमें यात्रा में लगभग छह महीने लगते हैं। वहीं, चंद्रमा पर हर 10 दिन में लॉन्च किया जा सकता है और वहां पहुंचने में केवल दो दिन का समय लगता है। इस वजह से चंद्रमा पर शहर निर्माण का कार्य तेज गति से किया जा सकता है।

मस्क ने यह भी कहा कि स्पेसएक्स मंगल ग्रह पर भी शहर बसाने का प्रयास जारी रखेगा और अगले 5 से 7 वर्षों में इस दिशा में काम शुरू किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए चंद्रमा प्राथमिकता में है।

पिछले साल सितंबर में मस्क ने बताया था कि पृथ्वी और मंगल के बीच अगली ट्रांसफर विंडो खुलने पर दो वर्षों में पहला मानव रहित स्टारशिप मिशन मंगल ग्रह के लिए भेजा जाएगा। स्टारशिप दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट है, जिसका उपयोग पहले चंद्रमा और बाद में मंगल ग्रह पर मानव भेजने के लिए किया जाएगा।

मस्क के अनुसार, शुरुआती स्टारशिप मिशन मंगल पर सुरक्षित लैंडिंग की विश्वसनीयता जांचने के लिए मानव रहित होंगे। यदि ये मिशन सफल रहते हैं, तो चार वर्षों के भीतर मंगल ग्रह पर पहला मानवयुक्त मिशन भेजा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इसके बाद उड़ानों की संख्या तेजी से बढ़ेगी और लगभग 20 वर्षों में मंगल ग्रह पर आत्मनिर्भर शहर बसाने का लक्ष्य पूरा करने की कोशिश की जाएगी।

 

With inputs from IANS