WhatsApp का नया ‘यूज़रनेम’ फीचर: बिना मोबाइल नंबर साझा किए कर सकेंगे चैटBy Admin Tue, 30 June 2026 03:29 PM

नई दिल्ली। मेटा के स्वामित्व वाले इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप जल्द ही एक नया 'यूज़रनेम' फीचर लॉन्च करने जा रहा है, जिसका उद्देश्य यूजर्स की निजता को और मजबूत बनाना है। इस फीचर के आने के बाद लोग अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी एक-दूसरे से व्हाट्सऐप पर जुड़ सकेंगे।

अब तक व्हाट्सऐप पर किसी से संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर जरूरी होता था, लेकिन नए सिस्टम में यूजर्स अपने चुने हुए यूनिक यूज़रनेम के जरिए बातचीत कर सकेंगे। इससे अरबों यूजर्स को अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि यह फीचर खास तौर पर मोबाइल नंबर की गोपनीयता बनाए रखने के लिए तैयार किया गया है।

व्हाट्सऐप ने अपने बयान में कहा, "यूज़रनेम की मदद से आप किसी व्यक्ति से अपना फोन नंबर बताए बिना जुड़ सकेंगे। यूज़रनेम आप स्वयं चुनेंगे और यह जरूरी नहीं होगा कि वह किसी अन्य ऐप पर इस्तेमाल किए जा रहे आपके हैंडल जैसा ही हो।"

कंपनी के मुताबिक, किसी यूजर से संपर्क करने के लिए दूसरे व्यक्ति को उसका सटीक यूज़रनेम पता होना चाहिए। साथ ही, यूजर जब चाहे अपना यूज़रनेम बदल भी सकेगा।

ADVERTISEMENT
Advertisement

कैसे काम करेगा नया फीचर?

इस फीचर के तहत प्रत्येक यूजर को एक वैश्विक स्तर पर यूनिक यूज़रनेम चुनना होगा, जो उसकी नई पहचान बनेगा। इसके जरिए लोग अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी चैट कर सकेंगे।

व्हाट्सऐप के अनुसार, यूज़रनेम 3 से 35 अक्षरों के बीच का होना चाहिए। यदि किसी यूजर को उपयुक्त नाम चुनने में कठिनाई होती है, तो प्लेटफॉर्म उसे यूज़रनेम जनरेटर की सहायता भी उपलब्ध कराएगा।

कंपनी यूजर्स को "यूज़रनेम की" (Username Key) का विकल्प भी देगी, जिससे वे अपनी संपर्क सूची और गोपनीयता पर बेहतर नियंत्रण रख सकेंगे।

मोबाइल नंबर रहेगा पूरी तरह सुरक्षित

फीचर लागू होने के बाद यदि कोई यूजर पहली बार किसी व्यक्ति या बिजनेस अकाउंट को संदेश भेजेगा, तो उसका मोबाइल नंबर सामने नहीं दिखाई देगा। इसके बजाय केवल उसका यूज़रनेम ही दिखाई देगा।

जल्द शुरू हो सकता है रजिस्ट्रेशन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनिक यूज़रनेम के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इसी सप्ताह शुरू हो सकती है। व्हाट्सऐप के लगभग 3 अरब यूजर्स को ध्यान में रखते हुए कंपनी चरणबद्ध तरीके से दुनिया भर में यह सुविधा उपलब्ध कराएगी और वर्ष के अंत तक इसे पूरी तरह लॉन्च करने की योजना है।

जब यह फीचर किसी देश में उपलब्ध होगा, तो संबंधित यूजर्स को व्हाट्सऐप ऐप के माध्यम से इसकी सूचना मिल जाएगी। कंपनी का दावा है कि व्यक्तिगत यूज़रनेम आरक्षित करने की पूरी प्रक्रिया कुछ ही सेकंड में पूरी हो जाएगी।