Google Cloud ने भारत के छोटे और मध्यम कारोबारों के लिए पेश की प्रोडक्शन-रेडी AI तकनीकBy IANS Wed, 28 October 2026 03:56 PM

Photo: IANS

Google Cloud ने बुधवार को दिखाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) किस तरह भारत के छोटे और मध्यम आकार के कारोबारों की उत्पादकता बढ़ाने, परिचालन को अधिक कुशल बनाने और विकास को गति देने में मदद कर रही है। कंपनी ने Cloud Day India 2026 का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के 600 से अधिक कारोबारी और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के नेताओं ने हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम में तेजी से बढ़ते छोटे एवं मध्यम व्यवसायों (SMBs) और मिड-मार्केट कंपनियों के संस्थापक, प्रवर्तक, प्रबंध निदेशक तथा प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ शामिल हुए। चर्चा का मुख्य केंद्र यह रहा कि कारोबार किस तरह AI का इस्तेमाल करके लागत और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं तथा तेजी से डिजिटल हो रही अर्थव्यवस्था में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ा सकते हैं।

Google Cloud के अनुसार, भारत के छोटे और मध्यम कारोबार देश की 'विकसित भारत' की महत्वाकांक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। AI उनके विकास के अगले चरण को गति देने में अहम भूमिका निभा सकती है।

कंपनी ने कहा कि कारोबारी जगत अब एजेंटिक AI के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। इस तकनीक के तहत AI सिस्टम कारोबारी डेटा का विश्लेषण करने, अलग-अलग कार्यप्रवाहों को आपस में जोड़ने और न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप के साथ कई काम पूरे करने में सक्षम होते हैं।

हालांकि, कई कंपनियों के सामने बिखरे हुए डेटा, पुराने तकनीकी सिस्टम और AI में निवेश से मिलने वाले वास्तविक लाभ को लेकर अनिश्चितता जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। Google Cloud ने इन समस्याओं के कारण AI की संभावनाओं और उनसे हासिल होने वाले वास्तविक कारोबारी लाभ के बीच पैदा हुए अंतर को 'AI Value Gap' बताया।

कार्यक्रम में कंपनी ने अपने एकीकृत AI इकोसिस्टम का प्रदर्शन किया। इसमें Gemini AI मॉडल, Google Workspace, डेटा एनालिटिक्स टूल और क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, इन तकनीकों की मदद से कारोबारों को बड़े तकनीकी बदलाव किए बिना या इंजीनियरों की बड़ी टीम बनाए बिना AI आधारित समाधान लागू करने में मदद मिल सकती है।

Google Cloud Asia Pacific में SMB कारोबार की प्रबंध निदेशक तारु दहिया ने कहा, “एशिया प्रशांत क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने वाली कंपनियां वे नहीं हैं जिनके पास सबसे बड़ा IT बजट है, बल्कि वे हैं जो AI को विकास के निरंतर माध्यम में बदल रही हैं। भारत के छोटे और मध्यम आकार के कारोबार इस बदलाव की अगुवाई कर रहे हैं।”

कंपनी ने इस दौरान भारतीय व्यवसायों के उदाहरण भी पेश किए, जो अपने परिचालन और कारोबारी परिणामों को बेहतर बनाने के लिए AI तथा क्लाउड तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

परिधान ब्रांड सियाराम्स ने 40,000 से अधिक उत्पादों की मांग का पूर्वानुमान लगाने और इन्वेंट्री प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए AI आधारित प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स टूल अपनाए हैं। कंपनी जनरेटिव AI का इस्तेमाल मार्केटिंग सामग्री तैयार करने की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए भी कर रही है।

Google Cloud के अनुसार, ऐसे उपयोग बताते हैं कि AI का लाभ उठाने के लिए केवल बड़ी कंपनियों या भारी तकनीकी निवेश की जरूरत नहीं है। सही तकनीक और उसके व्यावहारिक इस्तेमाल के जरिए छोटे और मध्यम कारोबार भी अपनी कार्यक्षमता बढ़ा सकते हैं और विकास के नए अवसर तलाश सकते हैं।