ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन तेज, 60 से अधिक लोगों की मौतBy Admin Sat, 10 January 2026 06:23 AM

तेहरान- ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार उग्र होते जा रहे हैं। देश के कई हिस्सों में अशांति थमने के कोई संकेत नहीं हैं। इस बीच, प्रदर्शनों के दौरान कई लोगों की मौत हो चुकी है और कुछ क्षेत्रों में संचार सेवाएं भी बाधित कर दी गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर में शुरू हुए इन प्रदर्शनों के बाद से अब तक कम से कम 62 लोगों की जान जा चुकी है।

ईरान में जारी व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच, सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को अमेरिका और इज़रायल से जुड़े “आतंकी तत्वों” पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।

ये प्रदर्शन 28 दिसंबर 2025 को तेहरान के दो बाजारों से शुरू हुए थे, जहां बढ़ती महंगाई और ईरानी मुद्रा रियाल के तेज़ी से गिरते मूल्य के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरे थे। धीरे-धीरे यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया।

ये प्रदर्शन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व वाली धार्मिक सत्ता के खिलाफ बढ़ते गुस्से को दर्शाते हैं, जो आर्थिक संकट और जनता में गहराते असंतोष से जुड़ा हुआ है।

हालांकि अब तक ईरानी सरकारी मीडिया ने मौतों की संख्या पर चुप्पी साधे रखी थी, लेकिन शुक्रवार को उसने पहली बार स्वीकार किया कि प्रदर्शनों के दौरान “हानि हुई है”, हालांकि विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।

अमेरिका स्थित मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी (HRANA) के अनुसार, 9 जनवरी को प्रदर्शन 13वें दिन में प्रवेश कर चुके थे और अब तक 65 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कम से कम 2,311 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि ईरान के सभी 31 प्रांतों के 180 शहरों में कुल 512 स्थानों पर प्रदर्शन फैल चुके हैं।

शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने सीधे तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाने पर लिया। उन्होंने ट्रंप को “अहंकारी” बताते हुए कहा कि उनके हाथ ईरानियों के खून से सने हैं।

खामेनेई ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति का अंत होगा और उन्हें अपने देश की आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने सुरक्षा बलों के और सख्त रवैये के संकेत भी दिए और ट्रंप के शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने के बयान को चुनौती दी।

खामेनेई के इस बयान के दौरान, सरकारी टीवी पर दिखाए गए दृश्यों में भीड़ को “अमेरिका मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए सुना गया।

86 वर्षीय खामेनेई ने तेहरान स्थित अपने आवास पर समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, “प्रदर्शनकारी अपनी ही सड़कों को बर्बाद कर रहे हैं, सिर्फ अमेरिकी राष्ट्रपति को खुश करने के लिए। क्योंकि उन्होंने कहा है कि वे उनकी मदद करेंगे। उन्हें अपने देश की हालत पर ध्यान देना चाहिए।”

खामेनेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कई पोस्ट साझा किए, जिनमें उन्होंने ट्रंप और उनकी विदेश नीतियों—खासकर वेनेजुएला—की आलोचना की और कहा कि ये कदम तेल हितों से प्रेरित हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जून में हुई 12 दिन की जंग के दौरान ट्रंप के आदेश पर एक हजार से अधिक ईरानी नागरिक मारे गए।

एक अन्य पोस्ट में खामेनेई ने लिखा, “12 दिन के युद्ध में हमारे देश के एक हजार से अधिक नागरिक शहीद हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने खुद कहा कि उन्होंने इसका आदेश दिया था। इसका मतलब है कि ईरानियों का खून उनके हाथों पर है। और अब वे कह रहे हैं कि वे ईरानी जनता के साथ हैं!”

इस बीच, निर्वासन में रह रहे ईरान के क्राउन प्रिंस रज़ा पहलवी ने शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पहलवी ने कहा, “श्रीमान राष्ट्रपति, यह आपके तत्काल ध्यान, समर्थन और कार्रवाई की अपील है। कृपया ईरानी जनता की मदद के लिए हस्तक्षेप के लिए तैयार रहें।”

पहलवी लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से ईरानियों से खामेनेई के नेतृत्व वाली धार्मिक सत्ता के खिलाफ उठ खड़े होने का आह्वान कर रहे हैं।

उनकी अपील के बाद गुरुवार और शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। सरकार विरोधी नारों के साथ-साथ प्रदर्शनकारियों को पहलवी के समर्थन में और उनकी ईरान वापसी की मांग करते हुए भी सुना गया।

रज़ा पहलवी के पिता ईरान के अंतिम शासक थे, जिन्हें 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान सत्ता छोड़कर देश से भागना पड़ा था।

 

With inputs from IANS