अफगानिस्तान के हमलों में पाक सैन्य ठिकानों को निशाना, नूर खान एयरबेस भी शामिल; 32 सैनिकों के मारे जाने का दावाBy Admin Mon, 02 March 2026 10:52 AM

काबुल - अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को घोषणा की कि उसकी वायुसेना ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर सटीक और समन्वित हवाई अभियान चलाए हैं। इस कार्रवाई को दोनों पड़ोसी देशों के बीच पहले से बिगड़ते सुरक्षा हालात में एक बड़े तनाव के रूप में देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमले पाकिस्तान के प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों पर किए गए, जिनमें रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस, बलूचिस्तान के क्वेटा में 12वीं डिवीजन का मुख्यालय और खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी स्थित ख्वजई कैंप शामिल हैं।

मंत्रालय ने यह भी दावा किया कि इस अभियान के दौरान पाकिस्तान के अन्य कई रणनीतिक कमांड केंद्रों को भी निशाना बनाया गया।

बयान में कहा गया, “प्रारंभिक आकलन के आधार पर, इन हमलों से लक्षित ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। यह कार्रवाई पाकिस्तानी सेना द्वारा हाल में काबुल और बगराम में किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है।”

अफगान रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान की ओर से अफगान हवाई क्षेत्र का और उल्लंघन या किसी भी तरह की ‘आक्रामक कार्रवाई’ की गई, तो उसका “तेज, निर्णायक और अनुपातिक जवाब” दिया जाएगा।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब एक सप्ताह से भी कम समय पहले इस्लामाबाद ने अफगान तालिबान प्रशासन के खिलाफ “खुली जंग” की घोषणा की थी। दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीमा पर झड़पें तेज हो गई थीं। इसके बाद पाकिस्तान ने शुक्रवार को काबुल और कंधार में हवाई हमले किए थे।

उल्लेखनीय है कि नूर खान एयरबेस, जो पाकिस्तान वायुसेना का एक अहम ठिकाना है, इससे पहले मई 2025 में भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी निशाना बनाया गया था। उस हमले में बेस की कुछ संरचनाओं को नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद मरम्मत कार्य किए गए थे।

तनाव को और बढ़ाते हुए, तालिबान ने दावा किया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में 32 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। अफगानिस्तान स्थित मीडिया संगठन TOLO News के अनुसार, इन हमलों में 10 पाकिस्तानी सैनिक घायल भी हुए हैं और चार सैन्य चौकियां नष्ट कर दी गई हैं।

अफगान रक्षा मंत्रालय के उप प्रवक्ता सिदीकुल्लाह नसरत ने कहा कि अफगान बलों ने नंगरहार, पक्तिया, खोस्त और कंधार प्रांतों में लेजर हथियारों और उन्नत उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए आक्रामक अभियान चलाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि अफगान बलों ने पाकिस्तान की सैन्य व्यवस्था से जुड़े दो ड्रोन मार गिराए हैं।

 

With inputs from IANS