
वॉशिंगटन: 1 मार्च को देर रात 11:03 बजे (ईटी), United States Central Command (सेंटकॉम) द्वारा जारी बयान में एक बड़ी सैन्य घटना की पुष्टि की गई। ऑपरेशन “एपिक फ्यूरी” के समर्थन में उड़ान भर रहे तीन अमेरिकी F-15E Strike Eagle लड़ाकू विमान कुवैत के ऊपर कथित ‘फ्रेंडली फायर’ घटना में दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सक्रिय युद्ध परिस्थितियों के दौरान हुई। उस समय क्षेत्र में ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों से जुड़ी गतिविधियां जारी थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी जेट विमानों को गलती से कुवैती वायु रक्षा प्रणाली द्वारा निशाना बनाया गया।
हालांकि राहत की बात यह है कि तीनों विमानों में सवार सभी छह चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी एयरक्रू की हालत स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय देखभाल दी जा रही है।
सेंटकॉम के बयान में कहा गया कि कुवैत ने इस घटना को स्वीकार किया है और जारी अभियान में अपने सहयोग के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है। अमेरिकी सेना ने कुवैती रक्षा बलों के प्रयासों के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।
फिलहाल घटना के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विमान कुवैती क्षेत्र में किस स्थान पर गिराए गए या वे किसी मिशन से लौट रहे थे अथवा हमला कर रहे थे. जांच पूरी होने के बाद अधिक जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।