क्वाड देशों ने दोहराई मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक की प्रतिबद्धता, ASEAN की केंद्रीय भूमिका पर जताया भरोसाBy Admin Wed, 22 July 2026 04:14 PM

मनीला। क्वाड (Quad) देशों के विदेश मंत्रियों ने मुक्त, खुले और समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्र में आसियान (ASEAN) की एकता और उसकी केंद्रीय भूमिका के लिए मजबूत समर्थन जताया।

मनीला में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

संयुक्त बयान में कहा गया, "अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान, जो सभी ASEAN के व्यापक रणनीतिक साझेदार हैं, मनीला में एकत्र हुए ताकि मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक को मजबूत करने तथा ASEAN की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति अपना अटूट समर्थन दोहरा सकें। हम इस क्षेत्र की सफलता और ASEAN तथा उसके सदस्य देशों के साथ सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"

बैठक के दौरान नेताओं ने क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा की और ASEAN आउटलुक ऑन इंडो-पैसिफिक (AOIP) को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके तहत समुद्री और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत जैसे साझा क्षेत्रों में सहयोग पर जोर दिया गया।

संयुक्त बयान में कहा गया कि क्वाड देशों का मानना है कि इंडो-पैसिफिक के समुद्री क्षेत्र में शांति और स्थिरता ही पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला है।

बैठक के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मंत्रियों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा की। साथ ही नई दिल्ली में हुई पिछली क्वाड बैठक में लिए गए फैसलों पर भी आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

जयशंकर ने कहा, "मनीला में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होकर खुशी हुई। इंडो-पैसिफिक की स्थिति की समीक्षा की और हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा की। नई दिल्ली बैठक के फैसलों पर आगे बढ़ने की दिशा तय की। ASEAN की केंद्रीय भूमिका को स्वीकार करते हुए मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।"

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा कि अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान कानून के शासन, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर आधारित मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक की साझा सोच रखते हैं। उन्होंने क्षेत्र में ASEAN की केंद्रीय भूमिका को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

रुबियो ने एक्स पर लिखा, "ASEAN विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान क्वाड की बैठक फिर से आयोजित कर खुशी हुई। हमारा स्पष्ट संदेश है कि ASEAN की प्राथमिकताओं और उसकी केंद्रीय भूमिका को मजबूत करने के लिए आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। क्वाड हमारे लिए प्राथमिकता बना रहेगा और इस वर्ष के अंत में हमारी अगली बैठक होगी।"

वहीं, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि चारों देशों ने मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए ठोस परिणामों पर सार्थक चर्चा की।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement