ट्रंप का बड़ा ऐलान, जहाजों को होने वाले नुकसान की भरपाई ईरानी संपत्तियों से करने की बातBy Admin Fri, 24 July 2026 01:59 PM

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भविष्य में जहाजों, उनके माल या समुद्री संपत्ति को होने वाले किसी भी नुकसान की भरपाई अमेरिका के नियंत्रण में मौजूद ईरान की संपत्तियों से की जाएगी।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगली सूचना तक यह माना जाए कि जहाजों, कार्गो या उनसे जुड़े किसी भी नुकसान का भुगतान उन ईरानी फंडों से किया जाएगा, जो अमेरिका के कब्जे और नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान की राशि काफी बड़ी हो सकती है, लेकिन यही "निष्पक्ष और न्यायसंगत" तरीका है।

हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन परिस्थितियों या किस तरह की घटनाओं में ईरानी संपत्तियों का इस्तेमाल मुआवजे के लिए किया जाएगा।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की ओर से ईरान पर हवाई हमले जारी हैं।

इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते के लिए अभी तैयार नहीं है। उनका आरोप था कि भारी सैन्य दबाव के बावजूद तेहरान लगातार बातचीत में अपना रुख बदल रहा है। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।

जॉर्जिया में आयोजित एक चुनावी रैली में ईरान के साथ संघर्ष में मारे गए चार अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए ट्रंप ने अपनी सरकार की सैन्य और कूटनीतिक नीति का बचाव किया। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ जारी टकराव के बावजूद अमेरिकी शेयर बाजार लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है और चुनाव के बाद से कई नए रिकॉर्ड बना चुका है।

 

With inputs from IANS