
Photo: IANS
नई दिल्ली। बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। बढ़ती महंगाई, औद्योगिक उत्पादन में बाधा और निवेश में सुस्ती के बीच देश की जीडीपी वृद्धि दर घटकर 3.2 प्रतिशत रह गई है, जिसे पिछले 25 वर्षों से अधिक समय का सबसे निचला स्तर बताया जा रहा है। ढाका से प्रकाशित अखबार 'द डेली स्टार' के एक लेख में अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है।
लेख के अनुसार, विदेशों में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की ओर से भेजी जाने वाली रकम (रेमिटेंस) का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं है। निर्यात में भी अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है। इसके अलावा, बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की बढ़ी हुई लागत, बैंकों में गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीएल) का ऊंचा स्तर और उद्योगों को कर्ज मिलने में आ रही दिक्कतें आर्थिक स्थिति को और प्रभावित कर रही हैं।
लेख में कहा गया है कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का स्तर बेहद कम रहने के कारण पिछले कुछ वर्षों में रोजगार सृजन, औद्योगिक निवेश और निर्यात में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। निकट भविष्य में भी आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावनाएं फिलहाल सीमित दिखाई दे रही हैं।
राजस्व संग्रह में कमी भी सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। बड़े पैमाने पर कर चोरी को आर्थिक विकास की राह में एक प्रमुख बाधा बताया गया है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में राजस्व संग्रह निर्धारित लक्ष्य से 42,000 करोड़ टका कम रहा।
इस बीच, वित्त वर्ष 2026-27 के राष्ट्रीय बजट में पहले ही 2 लाख करोड़ टका के भारी राजकोषीय घाटे का अनुमान लगाया गया है। राजस्व संग्रह की कमजोर शुरुआत को देखते हुए इस घाटे की भरपाई करना सरकार के लिए मुश्किल हो सकता है।
लेख में राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड (एनबीआर) की रणनीतिक और प्रशासनिक क्षमता की कमजोरियों को भी राजस्व लक्ष्य हासिल करने में बड़ी बाधा बताया गया है। मौजूदा रुझान जारी रहने पर राजकोषीय घाटा और बढ़ सकता है, जिससे सरकार के सामने वित्तीय प्रबंधन की चुनौती गंभीर हो जाएगी।
लेख के मुताबिक, घरेलू, क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर कारोबारी माहौल कमजोर होने के कारण अर्थव्यवस्था को गति देना आसान नहीं है। सरकार के सामने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भारी खर्च, पहले से तय विकास योजनाओं और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के वित्तपोषण की जिम्मेदारी है। इन सबके बीच नकदी की कमी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
बांग्लादेश में लंबे समय से कमजोर प्रशासनिक व्यवस्था, पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी को भ्रष्टाचार का प्रमुख कारण माना जाता रहा है। लेख में कहा गया है कि यह सुनिश्चित करना अभी मुश्किल है कि देश इन समस्याओं से पूरी तरह बाहर निकल पाया है।
लेख में प्रधानमंत्री की ओर से व्यक्तिगत खर्चों में कटौती को राजनीतिक इच्छाशक्ति का संकेत बताया गया है। हालांकि, इसमें यह भी कहा गया है कि केवल इस तरह के कदमों से आर्थिक संकट का समाधान संभव नहीं है।
अर्थव्यवस्था को मौजूदा स्थिति से बाहर निकालने के लिए बड़ी परियोजनाओं की लागत को वास्तविक स्तर पर लाने, गैर-जरूरी और राजस्व संबंधी खर्चों में कटौती करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताई गई है। लेख के अनुसार, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना तथा सार्वजनिक धन के प्रभावी इस्तेमाल के बिना आर्थिक संकट से उबरना मुश्किल होगा।