हूतियों का सऊदी अरब की तेल रिफाइनरी और रडार केंद्र पर हमले का दावाBy IANS Mon, 23 November 2026 12:07 PM

Photo: IANS

सना। यमन के हूती विद्रोही समूह ने सऊदी अरब के लाल सागर तट पर स्थित एक तेल रिफाइनरी और राजधानी रियाद के दक्षिण में एक रडार केंद्र को निशाना बनाकर दो सैन्य अभियान चलाने का दावा किया है। यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच सीमा पार बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सामने आया है।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरीया ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि पहले अभियान में लाल सागर के तट पर स्थित राबिघ तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि हमले में लक्ष्य पर सीधा प्रहार हुआ।

सरीया के मुताबिक, दूसरे अभियान में रियाद के दक्षिण में वादी अल-दवासिर स्थित एक रडार केंद्र को दो चरणों में निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में निर्धारित उद्देश्य सफलतापूर्वक हासिल किया गया।

हालांकि, हूती प्रवक्ता ने हमलों में इस्तेमाल किए गए हथियारों या नुकसान की वास्तविक स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो सकी है।

हाल के दिनों में हूती समूह सऊदी अरब के हवाई अड्डों, तेल प्रतिष्ठानों और अन्य रणनीतिक ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने के दावे करता रहा है। वहीं, हूती मीडिया ने यमन के विभिन्न इलाकों में सऊदी अरब के हवाई हमलों में तेजी आने की खबरें दी हैं।

ये कथित सैन्य अभियान हूतियों और सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन वाली यमन की सरकारी सेनाओं के बीच बढ़ती लड़ाई के बीच हुए हैं।

इससे पहले शनिवार शाम सऊदी लड़ाकू विमानों ने लाल सागर के बंदरगाह शहर होदेइदाह पर कई हवाई हमले किए थे। हूती संचालित अल-मसीरा टीवी ने इसकी जानकारी देते हुए इन हमलों को 'सऊदी आक्रामकता' बताया। हालांकि, प्रसारणकर्ता ने किसी के हताहत होने या संपत्ति को हुए नुकसान का विवरण नहीं दिया।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ से एक स्थानीय निवासी ने बताया कि लड़ाकू विमानों की लगातार उड़ान के बीच शहर में पांच से अधिक जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई। निवासी के अनुसार, विस्फोट इतने तेज थे कि काफी देर तक विमानों की आवाज भी सुनाई देती रही।

यमन में दिसंबर 2014 से संघर्ष जारी है। उस समय हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना और देश के बड़े उत्तरी हिस्से पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने 2015 में सैन्य हस्तक्षेप किया था।

तब से यमन लंबे समय से गृहयुद्ध और मानवीय संकट का सामना कर रहा है। देश में जारी संघर्ष का असर क्षेत्रीय सुरक्षा पर भी पड़ता रहा है, विशेष रूप से लाल सागर और आसपास के समुद्री मार्गों की स्थिरता पर।