
Photo: IANS
क्वेटा। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कथित गोलाबारी और सैन्य कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने बुजुर्गों और जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल के हवाले से यह जानकारी दी है।
मस्तुंग की करदेगाप तहसील से आए इस प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नेशनल पार्टी के नेता अब्दुल मलिक बलूच से मुलाकात के दौरान क्षेत्र के हालात और सैन्य कार्रवाई से हुए नुकसान की जानकारी साझा की।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, चार यूनियन काउंसिल में चल रहे सैन्य अभियानों से करीब 70,000 लोग प्रभावित हुए हैं। आरोप है कि स्थानीय निवासियों को अपने घर खाली करने के लिए महज 24 घंटे का समय दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मस्तुंग के गुरगीना इलाके में स्थित किल्ली पसुंद खान बाजार को आग के हवाले किए जाने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। इस घटना में कई दुकानें, मवेशी, दर्जनों मकान और आभूषण भी नष्ट हो गए।
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि किल्ली गुफ्तारी और किल्ली खुरासानी की सभी दुकानों को भी आग लगा दी गई। इसके अलावा, कृषि योजनाओं के लिए बिजली उपलब्ध कराने वाले सौर ऊर्जा संयंत्रों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने अब्दुल मलिक बलूच से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उसने प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सैन्य कार्रवाई में हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी की।
रिपोर्ट में सामने आए आरोपों की निंदा करते हुए अब्दुल मलिक बलूच ने किल्ली पसुंद खान बाजार को जलाए जाने की घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा करना सरकार की बुनियादी जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों को उनके पुश्तैनी घरों से जबरन बेदखल किए जाने को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि नेशनल पार्टी जबरन विस्थापन का विरोध करती है। उनके मुताबिक, आम नागरिक गंभीर कठिनाइयों, भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। किसी भी कार्रवाई में लोगों की जान और उनके मौलिक अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इससे पहले मस्तुंग जिले में संगार रेलवे क्रॉसिंग के पास पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के ड्रोन हमले में तीन नागरिकों के घायल होने की खबर सामने आई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला रविवार देर रात हुआ था और घायलों में एक की हालत गंभीर थी।
द बलूचिस्तान पोस्ट ने स्थानीय निवासियों के हवाले से बताया कि तीनों लोग घरेलू इस्तेमाल के लिए गैस निकालने के उद्देश्य से एक पाइपलाइन में छेद करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पास स्थित पाकिस्तान फ्रंटियर कोर (एफसी) के शिविर से कथित तौर पर ड्रोन हमला किया गया।
यह घटना शनिवार को मस्तुंग के गुरगीना इलाके में पाकिस्तानी सेना द्वारा चलाए गए अभियान की खबरों के बाद हुई। उस दौरान मोर्टार के गोले रिहायशी इलाकों में गिरने से संपत्तियों को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया गया था।
बलूचिस्तान में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा और मानवाधिकारों की स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय स्तर पर आगजनी, मोर्टार गोलाबारी, धमकी और जबरन गुमशुदगी जैसे आरोपों के बीच प्रभावित परिवार भय और अनिश्चितता के माहौल में रहने को मजबूर हैं।
हालांकि, इन घटनाओं और हताहतों की संख्या से संबंधित दावे स्थानीय प्रतिनिधिमंडल तथा मीडिया रिपोर्टों पर आधारित हैं।