पश्चिम एशिया तनाव का असर, सोना-चांदी में तेज उछालBy Admin Fri, 08 May 2026 12:58 PM









पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बाद निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ा, जिससे कीमती धातुओं में 1 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून डिलीवरी वाला सोना 1,52,672 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जो पिछले बंद भाव 1,52,261 रुपये से 411 रुपये अधिक था। दोपहर करीब 12:20 बजे तक सोना 592 रुपये यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,52,853 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान इसने 1,53,103 रुपये का इंट्राडे हाई भी छुआ।

वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी 2,59,999 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली, जबकि पिछला बंद भाव 2,58,540 रुपये था। बाद में चांदी 3,126 रुपये यानी 1.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,61,666 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान इसने 2,62,723 रुपये का उच्च स्तर भी छुआ।

कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि MCX गोल्ड में 1,52,000 रुपये के ऊपर मजबूती बनी हुई है। विश्लेषकों के मुताबिक यदि सोना लगातार 1,53,000 रुपये के ऊपर टिकता है, तो इसमें और तेजी आ सकती है और कीमतें 1,55,000 से 1,56,000 रुपये के स्तर तक पहुंच सकती हैं। वहीं 1,52,000 और 1,51,600 रुपये के बीच मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है।

चांदी को लेकर भी बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि 2,64,000 से 2,66,000 रुपये के रेजिस्टेंस स्तर के ऊपर निकलने पर इसमें और तेजी आ सकती है, जिससे भाव 2,72,000 से 2,75,000 रुपये प्रति किलो तक जा सकते हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में मजबूती देखने को मिली। COMEX पर सोना 0.28 प्रतिशत बढ़कर 4,725 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 80.30 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी।

बाजार में यह तेजी उस समय आई जब ईरान ने अमेरिका पर एक महीने पुराने युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया। ईरान का दावा है कि अमेरिकी सेना ने उसके तेल टैंकर और नागरिक इलाकों पर हमला किया, जबकि अमेरिका ने इसे अपने नौसैनिक जहाजों पर हुए कथित हमलों के जवाब में उठाया गया कदम बताया है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि युद्धविराम अभी भी लागू है और अमेरिका ईरान के जवाब का इंतजार कर रहा है।

तनाव बढ़ने का असर कच्चे तेल पर भी दिखा। ब्रेंट क्रूड 2.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 102.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड 4 प्रतिशत उछलकर 98.64 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement