
रांची: स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह से पहले रांची का मोरहाबादी मैदान पूरी तरह तैयार नजर आया। बुधवार को यहां फुल ड्रेस रिहर्सल के जरिए 15 अगस्त को होने वाले राजकीय समारोह की तैयारियों की अंतिम जांच की गई। ध्वजारोहण, परेड, राष्ट्रगान और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मौके पर परखा गया।
इस बार मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन भी मैदान में मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण किया और टुकड़ियों को जरूरी निर्देश दिए।
समारोह की सुरक्षा पर खास नजर
स्वतंत्रता दिवस पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। समारोह स्थल में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच की जाएगी। पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक सामान लेकर कार्यक्रम स्थल तक न पहुंच सके। मोरहाबादी मैदान में निजी ड्रोन उड़ाने पर भी रोक रहेगी। प्रशासन की अनुमति के बिना किसी निजी ड्रोन से फोटो या वीडियो नहीं बनाया जा सकेगा।
परेड में दिखेगा सुरक्षा बलों का अनुशासन
15 अगस्त की परेड में केंद्रीय बलों के साथ झारखंड पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप, रांची जिला पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी और एनसीसी की टुकड़ियां शामिल होंगी। कुल 14 प्लाटून और तीन बैंड पार्टियां समारोह का हिस्सा रहेंगी। एनसीसी की छात्र और छात्रा टुकड़ियां भी परेड में शामिल होंगी।
राघवेंद्र शर्मा संभालेंगे परेड की कमान
2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा को परेड का फर्स्ट इन कमांड बनाया गया है। वर्तमान में वह रामगढ़ में पदस्थापित हैं। वहीं परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर सेकेण्ड इन कमांड की भूमिका में रहेंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद प्रशासन ने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अब 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण के साथ झारखंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राजकीय समारोह आयोजित होगा।