
अभिनेत्री कृतिका कामरा ने कहा है कि फैशन उनके लिए सिर्फ दिखावे का हिस्सा नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और खुद को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह हमेशा अपने लिए तैयार होती हैं, किसी और को प्रभावित करने के लिए नहीं।
आईएएनएस से बातचीत में कृतिका ने बताया कि उन्हें बहुत जल्दी यह एहसास हो गया था कि उन्हें सजना-संवरना पसंद है और इसका असर उनके आत्मविश्वास पर पड़ता है। उन्होंने कहा, “मैं अपने लिए तैयार होती हूं। इससे मेरे दिन और कॉन्फिडेंस दोनों पर फर्क पड़ता है।”
दिल्ली में फैशन कम्युनिकेशन की पढ़ाई कर चुकीं कृतिका का मानना है कि इस शिक्षा ने उन्हें फैशन को गहराई से समझने में मदद की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानने में दिलचस्पी रहती है कि कोई कपड़ा कैसे तैयार होता है, किसी टेक्सटाइल को बनाने में कितनी मेहनत लगती है और किसी डिजाइन के पीछे क्या सोच होती है।
कृतिका ने खुद को “फैशन एंथूजियास्ट” बताते हुए कहा कि वह फैशन ट्रेंड्स पर नजर रखती हैं, लेकिन उनका स्टाइल हमेशा व्यक्तिगत पसंद और सहज समझ से तय होता है। उन्होंने कहा कि अगर किसी की तारीफ उन्हें सबसे ज्यादा मायने रखती है, तो वह उनकी महिला मित्रों और महिलाओं की राय होती है, क्योंकि महिलाएं फैशन को बेहद बारीकी से देखती हैं।
अभिनेत्री ने कहा, “मैंने कभी किसी को खुश करने के लिए कपड़े नहीं पहने। अगर किसी की प्रतिक्रिया मुझे सबसे ज्यादा पसंद आती है, तो वह मेरी गर्लफ्रेंड्स या मेरी जिंदगी की महिलाओं की होती है।”
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कई प्रतिभाशाली डिजाइनर्स और स्टाइलिस्ट्स के साथ काम करने का मौका मिलता है, जिससे उन्हें लगातार नई प्रेरणा मिलती रहती है। कृतिका के मुताबिक, वह अपने हर लुक को तैयार करने की प्रक्रिया में खुद काफी शामिल रहती हैं और ज्यादातर फैसले सहज रूप से लेती हैं।
With inputs from IANS