
जमशेदपुर: शहर में एक बार फिर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि चोरों ने आईआरबी (इंडिया रिजर्व बटालियन) के एक जवान के घर को ही निशाना बनाया।
घटना बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर की है। जानकारी के अनुसार, आईआरबी जवान नितेश कुमार झा अपने परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए चाबी पड़ोसी को सौंपी गई थी। रविवार सुबह जब पड़ोसी घर की निगरानी के लिए पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
इसके बाद उन्होंने तत्काल नितेश झा के ससुर को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जब घर की जांच की गई, तो अंदर का सामान बिखरा हुआ पाया गया। अलमारी और लॉकर तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
परिजनों के अनुसार, चोरी में करीब 50 लाख रुपये के जेवरात और नकदी गायब हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक थाने में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।