नीट परीक्षा 2026 के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजितBy Admin Tue, 28 April 2026 06:06 PM

रामगढ़: आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान बताया गया कि रामगढ़ जिले में नीट परीक्षा 2026 के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना एवं आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 889 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश हेतु पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।

उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूर्व सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर लें तथा परीक्षा के दिन समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें।