
रामगढ़: उपायुक्त श्री ऋतुराज ने गुरुवार को गोला प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने नेमरा में चल रहे विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को गुणवत्ता बनाए रखने तथा तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त उपरबरगा पंचायत पहुंचे, जहां आयोजित जल संवाद कार्यक्रम में उन्होंने रामगढ़ विधायक श्रीमती ममता देवी के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। कई मामलों में उपायुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए, जबकि अन्य समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने की बात कही। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला, स्वास्थ्य उपकेंद्र सोनडिमरा और नेमरा स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्टरों और कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित की जाएं और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने बरलंगा जलापूर्ति योजना का भी निरीक्षण किया और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए जल्द से जल्द जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू की जाए।
दौरे के अंत में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।