खूंटी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, PLFI के तीन हार्डकोर नक्सली गिरफ्तारBy Admin Fri, 08 May 2026 12:49 PM

Ranchi : खूंटी जिला पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मे बड़ी सफलता हाथ लगी  है। जिले के एसपी ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के तीन सक्रिय और हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान सैम्युएल गुड़िया, धीरज स्वांसी और सुनील स्वांसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों उग्रवादी जंगल क्षेत्र में बैठक कर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि संगठन के विस्तार और कारोबारियों से लेवी वसूली की रणनीति तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और पीएलएफआई के पर्चे बरामद किए हैं।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद पुलिस लगातार उग्रवादियों की तलाश में जुटी थी। इसके लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
अवैध वसूली के जरिए संगठन को चलाते थे
पूछताछ में आरोपियों ने मार्च महीने में एक गैस एजेंसी पर हुई फायरिंग में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि ये उग्रवादी इलाके में दहशत फैलाकर अवैध वसूली के जरिए संगठन को मजबूत करने में लगे थे।
जानकारी देते हुए एसपी ने कहा कि फरार आरोपी राजेश महतो की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। पुलिस का दावा है कि जिले में किसी भी उग्रवादी गतिविधि को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई को खूंटी में उग्रवाद के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।