रामगढ़ ज्वेलरी लूटकांड में बड़ी सफलता, जमीन में गाड़कर छिपाए गए जेवर बरामदBy Admin Mon, 11 May 2026 11:52 AM

रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर-रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में हुई डकैती कांड के उद्भेदन में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी और दामाद को गिरफ्तार कर उनके घर से जमीन में गाड़कर छिपाए गए सोने-चांदी के भारी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को एनएच-23 स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। मामले में दुकान संचालक विष्णु प्रसाद के बयान पर रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 24 अप्रैल को सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके पास से लूटे गए करीब 180 सोना-चांदी के सामान, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन बाइक, एक चारपहिया वाहन, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कपड़े बरामद किए गए थे।
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लूट के बाकी जेवर मुख्य आरोपी के घर में छिपाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने बरकट्ठी गांव में छापेमारी कर मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी की पत्नी नाजमा खातून और दामाद शहनवाज हुसैन को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर घर के भीतर जमीन में गाड़कर रखे गए जेवरात बरामद किए गए।
बरामद सामानों में सोने का हार और झुमका सहित करीब 49 ग्राम सोना तथा लगभग 1350 ग्राम चांदी के कंगन, चूड़ी, अंगूठी और अन्य आभूषण शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 134 पीस जेवर बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में नाजमा खातून (40 वर्ष) और शहनवाज हुसैन (24 वर्ष), दोनों निवासी बरकट्ठी, थाना मांडू (कुजू ओपी), जिला रामगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और शेष सामानों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में मांडू अंचल इंस्पेक्टर रजत कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, रजरप्पा थाना के रोहित राज सिंह, आशीष कुमार गौत्तम, नागेंद्र सिंह आजाद समेत रजरप्पा थाना और कुजू ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे।