
रांची: राजधानी रांची के कोकर इलाके से डेढ़ वर्षीय मासूम अदिति पांडेय के लापता होने का मामला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। घटना के 24 घंटे से ज्यादा समय गुजर जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में भय और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, 9 मई की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच अदिति अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सदर थाना में बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की कई टीमें बच्ची की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।

घटना ने अब प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर भी गंभीर रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री Hemant Soren ने खुद मामले का संज्ञान लेते हुए रांची पुलिस को जल्द कार्रवाई कर अदिति का पता लगाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अदिति बिटिया की खोज अभियान में तेजी लाई जाए और जल्द जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
इधर, स्थानीय लोग भी बच्ची की तलाश में परिवार का पूरा सहयोग कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर अदिति की तस्वीर तेजी से साझा की जा रही है। परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि बच्ची के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत मोबाइल नंबर 6205250103 पर संपर्क करें।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।