रांची में आधार अपडेट के लिए लोगों की भारी भीड़, पटेल चौक सेंटर पर सुबह से लग रही लंबी कतारेंBy Admin Mon, 11 May 2026 02:10 PM

*Representational AI-generated image

रांची: राजधानी रांची में आधार कार्ड अपडेट कराने को लेकर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के पटेल चौक स्थित आधार सेवा केंद्र पर हर दिन सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। आधार में मोबाइल नंबर, पता, नाम समेत अन्य जानकारियां अपडेट कराने के लिए लोग सुबह 6 बजे से ही लाइन में खड़े हो रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र में इन दिनों “पर्ची सिस्टम” लागू किया गया है। पहले लोगों को पर्ची दी जाती है और फिर अगले दिन आधार अपडेट की प्रक्रिया पूरी की जाती है। यानी जिस दिन लोग नंबर लेते हैं, उनका काम अगले दिन हो पा रहा है।

आधार अपडेट कराने पहुंचे लोगों का कहना है कि घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग दूर-दराज के इलाकों से पहुंचते हैं, जिससे उनका पूरा दिन इसी प्रक्रिया में निकल जाता है। लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और शहर में आधार केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।

एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “सुबह 6 बजे से लाइन में लगे हैं, तब जाकर पर्ची मिली है। अब अगले दिन आने को कहा गया है। काफी परेशानी हो रही है।” वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा, “दूर से आते हैं और पूरा दिन इसी में निकल जाता है। व्यवस्था और बेहतर होनी चाहिए।”

हालांकि, आधार केंद्र के अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही पर्ची सिस्टम शुरू किया गया है, ताकि लोगों को पूरे दिन लंबी लाइन में खड़ा न रहना पड़े। अधिकारियों के मुताबिक, पहले से नंबर मिलने पर लोगों को अगले दिन तय समय पर काम कराने में आसानी होती है।

फिलहाल, आधार अपडेट को लेकर बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा से लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है। अब लोग प्रशासन से जल्द बेहतर और सुचारु व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं।