
रांची:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और आजसू छात्र संघ ने झारखंड सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में प्रस्तावित “री-स्ट्रक्चरिंग एवं क्लस्टरिंग सिस्टम” के विरोध में रांची विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घंटों तक राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की तथा कुलपति के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर इस व्यवस्था को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
छात्र नेताओं ने कहा कि सरकार का यह प्रस्ताव झारखंड की भौगोलिक, सामाजिक और जनजातीय अस्मिता के प्रतिकूल है। उनका आरोप है कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से शिक्षा व्यवस्था का केंद्रीकरण होगा, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो विद्यार्थियों को दूसरे कॉलेजों एवं क्लस्टर केंद्रों तक पहुंचने में अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा। साथ ही परिवहन और सुरक्षा जैसी समस्याएं भी बढ़ेंगी। छात्र संगठनों ने चेतावनी दी कि सरकार यदि इस निर्णय को वापस नहीं लेती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा।