रामगढ़ में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार; भारी मात्रा में शराब और उपकरण जब्तBy Admin Mon, 11 May 2026 05:14 PM

रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विदेशी शराब निर्माण और तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, स्प्रिट, बोतलें, लेबल, सील और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।

सोमवार को छत्तरमांडू स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि 10 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के उपर खखरा टोला, पत्थलगढ़ा स्थित एक बंद घर में अवैध विदेशी शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। यहां से आसपास के इलाकों में शराब की तस्करी भी की जा रही थी।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक चन्दन वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज मुर्मू और भदरू सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन घरों में छापेमारी की, जहां से करीब 250 पेटी विदेशी शराब, 1800 लीटर तैयार शराब, 1600 लीटर स्प्रिट, 20 हजार से अधिक खाली बोतलें, हजारों नकली लेबल और सील, शराब पैकिंग सामग्री, एल्कोहॉल मीटर, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी नकली तरीके से विदेशी शराब तैयार कर उस पर फर्जी होलोग्राम और विभिन्न कंपनियों के लेबल लगाकर बाजार में सप्लाई करते थे। इस मामले में गोला थाना कांड संख्या-51/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।