खूंटी में दो नाबालिगों की निर्मम हत्या, शव पहाड़ी किनारे फेंके गएBy Admin Mon, 18 May 2026 08:03 PM

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिगों की बेरहमी से हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में एक किशोर और एक किशोरी शामिल हैं। बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या कर दी और सबूत मिटाने की नीयत से शवों को मरांगबुरु पहाड़ियों के नीचे फेंक दिया।

यह घटना सोयको थाना क्षेत्र के मॉडल गांव जीवरी की है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पहाड़ी के नीचे दो शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतकों की पहचान बड़ा जीवरी निवासी 16 वर्षीय बिसु पाहन और 17 वर्षीय सुमी मुंडू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार रविवार रात सोयको क्षेत्र में छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ था, जिसमें दोनों नाबालिग शामिल होने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे बिसु का कुछ युवकों के साथ विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने दोनों को अगवा कर पास के खेत में ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को मरांगबुरु पहाड़ी के तलहटी में फेंक दिया, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें। सुबह ग्रामीणों की नजर शवों पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं।

गांव के मुखिया बिनसाई मुंडा ने आशंका जताई है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।

वहीं, खूंटी के पुलिस अधीक्षक Rishabh Garg ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

With inputs from IANS