




रामगढ़: सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के औद्योगिक इकाइयों के साथ सीएसआर से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
1. सभी औद्योगिक इकाई वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करें सीएसआर प्लान तैयार:- उपायुक्त ने सभी औद्योगिक इकाइयों को अपने-अपने सीएसआर टीम के साथ बैठक कर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सीएसआर प्लान तैयार कर जिला द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रपत्र में प्रतिवेदन 3 दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
2. कारखानो में होने वाले दुर्घटनाओं को करे शून्य:- बैठक के दौरान उपायुक्त ने कारखाने के दुर्घटनाओं को शून्य करने के मद्देनजर सभी औद्योगिक इकाइयों को सेफ्टी नॉर्म्स पर कार्य करने एवं सभी कर्मियों को सेफ्टी ट्रेनिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कर्मी सेफ्टी टूल्स पहनकर कार्य करें या सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया।
3. सभी औद्योगिक इकाई अनिवार्य रूप से व्यावसायिक स्वास्थ्य केंद्र(ओएचसी) करें स्थापित:- उपायुक्त ने सभी औद्योगिक इकाइयों को निश्चित रूप से व्यवसायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सभी 40 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मियों का हेल्थ एग्जामिनेशन रिपोर्ट जिला उद्योग केंद्र को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
4. भारत सरकार के चार लेबर कोड का करें पालन:- बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी औद्योगिक इकाइयों को भारत सरकार के चार लेबर कोड- वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020, व्यावसायिक सुरक्षा स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता 2020 का निश्चित रूप से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अपने कारखाने में किसी भी चाइल्ड लेबर को नहीं रखने का निर्देश दिया।
5. सभी औद्योगिक इकाई बने निक्षय मित्र:- रामगढ़ जिला को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सीएसआर मद के तहत टीबी से जूझ रहे मरीज को गोद लेते हुए निक्षय मित्र बनने का निर्देश सभी औद्योगिक इकाइयों को दिया।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त रामगढ़, सिविल सर्जन रामगढ़, जिला शिक्षा पदाधिकारी रामगढ़, नजारत उपसमाहर्ता रामगढ़, जिला खनन पदाधिकारी रामगढ़, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रामगढ़ सहित अन्य पदाधिकारी एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



