आईसीयू में कठिन एयरवे प्रबंधन पर विशेष वर्कशॉप, विशेषज्ञों ने सिखाई आधुनिक तकनीकेंBy Mid Time Correspondent Sun, 13 September 2026 11:42 AM

रांची: रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (टाटा हॉस्पिटल) में आईसीयू एयरवे मैनेजमेंट विषय पर एक दिवसीय विशेष एयरवे वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों के संस्थानों से जुड़े चिकित्सकों ने भाग लिया। इस दौरान आईसीयू में कठिन वायुमार्ग प्रबंधन से संबंधित नवीनतम तकनीकों और व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय डॉ. रचित सिन्हा ने किया। कार्यशाला में डॉ. नितिन राज, डॉ. विकास सोनवणे, डॉ. नसीम अख्तर, डॉ. रेखा दास (कटक), डॉ. गौतम शरण (डायरेक्टर), डॉ. अमितेश आनंद और डॉ. सचेंद्र पाल सहित विशेषज्ञ फैकल्टी ने अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा की।

कार्यशाला में हैंड्स-ऑन स्किल स्टेशन और सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण प्रमुख आकर्षण रहा। प्रतिभागियों को वास्तविक आईसीयू परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न एयरवे तकनीकों का अभ्यास कराया गया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में समय पर निर्णय लेने, वैकल्पिक एयरवे उपकरणों के इस्तेमाल और टीम आधारित रेस्क्यू रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया गया।

विशेषज्ञों ने कहा कि कठिन एयरवे के सफल प्रबंधन के लिए केवल उपकरणों की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है। समय पर पहचान, पूर्व योजना, उचित उपकरण का चयन, टीमवर्क और प्रभावी रेस्क्यू रणनीति मरीज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशाला ने चिकित्सकों को कठिन एयरवे प्रबंधन में व्यावहारिक कौशल और आपात परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने का अवसर प्रदान किया।