
रांची में अपना पक्का घर बनाने का सपना देख रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर निगम ने अब तक 2,896 लाभुकों का चयन किया है।
इसी कड़ी में शनिवार को नगर निगम कार्यालय में स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ। मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने 34 चयनित लाभुकों को सांकेतिक रूप से स्वीकृति पत्र सौंपा।
योजना के लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण यानी BLC घटक के तहत पात्र परिवारों को पक्का और सुरक्षित मकान बनाने में आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसका फायदा उन शहरी परिवारों को मिलेगा, जो अपनी आर्थिक स्थिति की वजह से खुद घर बनाने में सक्षम नहीं हैं।
नगर निगम के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए अब तक 2,896 लोगों का चयन हो चुका है। कार्यक्रम में भले ही 34 लाभुकों को स्वीकृति पत्र दिए गए हों, लेकिन बाकी चयनित परिवारों को भी संबंधित वार्ड पार्षदों के जरिए उनके स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
यानी योजना का लाभ पाने वाले हजारों परिवारों के लिए अब अपने पक्के आशियाने की दिशा में अगला कदम बढ़ चुका है।