
झारखंड में लगातार गोलीबारी की घटनाओं के बाद रांची पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार शाम रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में पुलिस और गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सौरभ नाम के एक अपराधी को गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा के मुताबिक, गिरोह पर हजारीबाग और रांची में फायरिंग करने का आरोप है। गुरुवार रात हजारीबाग स्थित एके इंटरनेशनल होटल के बाहर गोलीबारी हुई थी। इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब 3 बजकर 40 मिनट पर रांची के कांके इलाके में भी फायरिंग की घटना सामने आई।
लगातार दो जिलों में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य धुर्वा के सीठियो इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अपराधियों की तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में सौरभ को गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, मोहित कुमार, ऋषभ और सौरभ के रूप में की है। घायल सौरभ को गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे भी अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की हैं। इसके अलावा, हजारीबाग और रांची की घटनाओं में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। पुलिस को आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक भी मिली है।
फिलहाल, पुलिस इस गिरोह की अन्य गतिविधियों और दोनों गोलीबारी की घटनाओं से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।