
राजधानी रांची में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार की सुबह ठंडी हवाओं के साथ हुई, जिससे शहर के मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आए। पार्कों और सड़कों पर लोगों ने सुहावने मौसम का आनंद लिया। बारिश के बाद बदले मौसम ने राजधानी में ठंड की आहट भी तेज कर दी है।
दरअसल, चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से झारखंड के लगभग सभी जिलों में पिछले दो दिनों तक रुक-रुककर बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर खेती-किसानी पर भी देखने को मिला। कई जगहों पर खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचने की खबर है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अब बारिश का दौर थमने के बाद लोगों की नजरें मौसम के अगले अपडेट पर टिकी हैं।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र ने 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक, शनिवार को रांची में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक होने की भी संभावना है। 31 अक्टूबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर के बाद बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर के पहले दिन यानी 1 नवंबर को भी रांची में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
वहीं, 2 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
3 नवंबर को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और बारिश के साथ गरज-चमक होने के आसार हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इसी तरह 4 नवंबर को भी बादलों का प्रभाव बना रह सकता है। मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। इस दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 नवंबर को रांची के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध या कुहासा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो सकता है और धूप निकलने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
कुल मिलाकर, रांची में नवंबर के शुरुआती चार दिनों तक बादल और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, 5 नवंबर से मौसम साफ होने के साथ सुबह की ठंडक बढ़ने के संकेत हैं।