झारखंड के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा बीमा कवर, यूनियन बैंक के साथ सरकार का MoUBy Mid Time Bureau Wed, 04 November 2026 05:38 PM

Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए एक और कदम उठाया है। बुधवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड सरकार और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज यानी SGSP के तहत किया गया है।

इस सैलरी पैकेज के जरिए सरकारी कर्मचारियों को बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ बीमा और दूसरी वित्तीय सुरक्षा का लाभ मिलेगा। इसके तहत कर्मचारियों को एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस के रूप में अधिकतम 2 करोड़ रुपये तक का कवर दिया जाएगा। वहीं, सामान्य दुर्घटना बीमा का कवर 1.5 करोड़ रुपये तक बताया गया है।

इसके अलावा 20 लाख रुपये तक का टर्म इंश्योरेंस, 1 लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस, मुफ्त डेबिट कार्ड और अन्य लाइफस्टाइल सुविधाएं भी पैकेज में शामिल हैं। कर्मचारियों को जीरो QAB की सुविधा भी मिलेगी, यानी खाते में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की अनिवार्यता नहीं होगी।

गौरतलब है कि राज्य सरकार इससे पहले स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के साथ भी सैलरी पैकेज को लेकर समझौता कर चुकी है। सरकार के मुताबिक, इन समझौतों के जरिए राज्य के करीब पौने दो लाख कर्मचारियों और उनके परिवारों को मुश्किल समय में वित्तीय सुरक्षा देने की व्यवस्था की जा रही है।

यूनियन बैंक के साथ हुआ यह नया समझौता भी इसी कड़ी का हिस्सा है।